नाहन, 23 मई (हि.स.)। पांवटा साहिब पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक कार से 264 नशीले कैप्सूल बरामद कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 22 मई को थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम भांटावाली रेनबेक्सी चौक से गंगुवाला जाने वाली सड़क पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कार नंबर HR04B-3205 को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार चालक ने कार को अचानक दाईं ओर मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास किया, लेकिन आगे आम का पेड़ और सड़क किनारे पड़े लोहे के पाइप के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली। जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखे एक बैग से 264 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। कार चालक की पहचान बसरात अली के रूप में हुई है। आरोपी बरामद कैप्सूलों के संबंध में कोई लाइसेंस या चिकित्सकीय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 26 मई तक पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लेकर आया था और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। मामले में संभावित गिरोह की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

