नांदेड़ हादसे के मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी महाराष्ट्र सरकार

मुंबई, 04 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को नांदेड़ जिले के सड़क हादसे में मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में घायलों का इलाज शासकीय स्तर पर कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सुबह नांदेड़ जिले के असेगांव में 11 महिला मजदूरों को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली एक कुएं में गिर गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में आठ महिलाओं की मृत्यु हो गई। ये महिलाएं हिंगोली जिले के गुंजगांव की रहने वाली थीं और कृषि कार्य के लिए जा रही थीं। महिलाओं को कुएं से निकालने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है और स्थानीय उप-कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पूरी व्यवस्था मौके पर मौजूद हैं। तीन महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सरकार हिंगोली और नांदेड़ प्रशासन दोनों के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

दरअसल, आज सुबह करीब सात बजे हिंगोली जिले की महिला मजदूर ट्रैक्टर से नांदेड जिले के आसेगांव में मजदूरी करने जा रही थी। आसेगांव में अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर कुएं में गिर गया। इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है। घटनास्थल पर कुएं से महिलाओं का शव निकालने काम जारी है। अब तक इस घटना में तीन महिला मजदूरों को बचा लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर