जैनाचार्य अजीतयश सूरीश्वर महाराज के 61वें जन्मोत्सव पर्व में शामिल हुए मुख्यमंत्री

अहमदाबाद के भावसार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने शनिवार को गुरुदेव अजीतयश सूरीश्वरजी महाराज का गुरु पूजन और गुरु सम्मान किया।

अहमदाबाद, 21 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को अहमदाबाद में जैनाचार्य अजीतयश सूरीश्वर महाराज के 61वें जन्मोत्सव पर्व में रहकर उनका आशीर्वचन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने गुरुदेव के दर्शन कर धन्यता का अनुभव किया और उनके मंगल प्रवचन का लाभ भी उठाया। अहमदाबाद के भावसार हॉल में आयोजित इस पावन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुरुदेव अजीतयश सूरीश्वरजी महाराज का गुरु पूजन और गुरु सम्मान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ‘लब्धि प्रश्न’ ग्रंथ का विमोचन किया और अपने करकमलों से पत्रिका लेखन कर गुरुदेव को समर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गौरवपूर्वक कहा कि गुरुदेव अजीतयश सूरीश्वर महाराज के जन्मदिन पर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना और जन्मोत्सव पर्व के उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलना उनके लिए आनंद की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के अवसर पर वह भगवान के चरणों में यह प्रार्थना करते हैं कि गुरुदेव का स्वास्थ्य अच्छा रहे और हम सभी को उनका आशीर्वाद अविरत मिलता रहे। जन्मोत्सव पर्व में साबरमती के विधायक हर्षदभाई पटेल सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर