डॉ. के. कस्तूरीरंगन के निधन पर डॉ जितेन्द्र सिंह ने जताया दुख
- Admin Admin
- Apr 25, 2025

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डॉ के. कस्तूरीरंगन के निधन पर शोक जताया है। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में कहा कि दूरदर्शी वैज्ञानिक और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के मार्गदर्शक डॉ. कस्तूरीरंगन के निधन से बहुत दुःख हुआ। इसरो और भारतीय विज्ञान में उनके योगदान को पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना।
डॉ. कस्तूरीरंगन योजना आयोग के सदस्य रहे। उन्होंने 27 अगस्त, 2003 को अपना कार्यालय छोड़ने से पहले इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग में भारत सरकार के सचिव के रूप में 9 वर्षों से अधिक समय तक भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम को शानदार ढंग से आगे बढ़ाया। इससे पहले इसरो उपग्रह केंद्र के निदेशक रहे, जहां उन्होंने नई पीढ़ी के अंतरिक्ष यान, भारतीय राष्ट्रीय उपग्रह (इन्सैट-2) और भारतीय सुदूर संवेदन उपग्रह के साथ-साथ वैज्ञानिक उपग्रहों के विकास से संबंधित गतिविधियों का पर्यवेक्षण किया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी