11 सूत्रीय मांगों को लेकर दिव्यांगजन सड़कों पर उतरे, स्वाभिमान रैली निकालकर कलेक्टरेट पहुंचे
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
राजगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को 60 से अधिक दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्वाभिमान रैली निकाली। खिलचीपुर नाका से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर कलेक्टरेट पहुंची, जहां प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम निधि भारद्वाज को सौंपा गया।
दिव्यांगजन हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन के दौरान वे करीब दो घंटे तक सड़कों पर रहे और बाद में लगभग आधे घंटे तक कलेक्टरेट के मुख्य द्वार के बाहर बैठकर विरोध दर्ज कराया।
दिव्यांग संघ के अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के कई पात्र हितग्राहियों को पिछले तीन से चार माह से दिव्यांग पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। इसके अलावा निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना की राशि भी चार माह से लंबित है, जिससे लाभार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ और मूक-बधिर दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बनाने के लिए आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव है। इसके चलते पिछले एक वर्ष से कई दिव्यांगों को प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भोपाल जाना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद अनेक मामलों का निराकरण नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन में नियमित पेंशन वितरण, लंबित प्रोत्साहन राशि का शीघ्र भुगतान, जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाने सहित 11 सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
एसडीएम निधि भारद्वाज ने ज्ञापन प्राप्त कर दिव्यांगजनों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से शासन को अवगत कराया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।

