प्रेमचन्द्र के इस्तीफे पर मिठाई बांटने वालों की भाजपा नेता अशोक त्रिपाठी ने की भर्त्सना

हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और जिला पंचायत के प्रथम अध्यक्ष रहे अशोक त्रिपाठी ने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे पर पहाड़ी महासभा द्वारा मिठाई बांटने की भर्त्सना की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य को नुकसान प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा दिए बयानों से नहीं बल्कि ऐसे संगठनों और उनके लोगों से हो रहा है, जो क्षेत्रवाद में राज्य को बांट रहे हैं। उन्होंने मिठाई बांटने वाले लोगों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहाड़वाद फैलाने वाले लोग तब कहां थे, जब अंकिता भंडारी मामले में उसके माता-पिता ने मैदानी मूल के एक भाजपा नेता को अपनी बेटी की हत्या का मुख्य कारण बताया था।

यह नेता आज भी संगठन में जिम्मेदार पद पर बना हुआ है, लेकिन इस संवेदनशील मामले में ऐसे संगठनों को पहाड़वाद मैदानवाद नहीं दिखा, जबकि मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के राजनीतिक विषय में वह मैदानवाद ढूंढ रहे हैं।

भाजपा नेता अशोक त्रिपाठी ने कहा कि पहाड़ के नेता जब मैदानों में उतरकर चुनाव लड़ते और जीतते हैं ऐसे संगठनों को तब पहाड़वाद क्यों याद नहीं आता। उन्होंने पहाड़ और मैदान की खाई बढ़ा रहे भाजपा के नेताओं पर भी सवाल उठाए हैं।

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार गंगा सभा के चार बार अध्यक्ष रहे व एक बार जिला पंचायत अध्यक्ष रहे अशोक त्रिपाठी अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। हालांकि वर्तमान समय में वह पार्टी में अलग-थलग हैं। पिछले दिनों उन्होंने हरिद्वार विधायक, पूर्व मंत्री व पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को ही एक बयान में पापी कह दिया था। इसको लेकर पार्टी में ऊपर तक चर्चा हुई, लेकिन अशोक त्रिपाठी अपने बयान पर अड़े रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

   

सम्बंधित खबर