हिमाचल विधानसभा : 17 मार्च को सुबह 11 बजे पेश होगा बजट, 15 मार्च को नहीं लगेगा सत्र

शिमला, 12 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब 17 मार्च को सुबह 11 बजे राज्य का बजट पेश करेंगे। पहले यह बजट दोपहर 2 बजे प्रस्तुत किया जाना था, लेकिन विधायकों के आग्रह पर विधानसभा बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने इसके समय में बदलाव कर दिया है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कुछ सदस्यों ने बजट पेश करने के समय पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

दरअसल प्रदेश विधानसभा में हर सोमवार को कार्यवाही आमतौर पर दोपहर 2 बजे शुरू होती है। इसी परंपरा के तहत बजट भी दोपहर में पेश किया जाना था लेकिन अब इसे सुबह 11 बजे प्रस्तुत किया जाएगा।

15 मार्च को नहीं लगेगा सदन

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने यह भी बताया कि पहले के शेड्यूल के अनुसार 15 मार्च शनिवार को भी सदन की बैठक प्रस्तावित थी। लेकिन चूंकि 14 मार्च को होली की छुट्टी है, इसलिए कई सदस्यों ने 15 मार्च को भी अवकाश देने का अनुरोध किया। इसे देखते हुए अब 15 मार्च को विधानसभा की कार्यवाही नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि बजट सत्र की अवधि बढ़ाने को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस पर विचार के लिए विधानसभा बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की अगली बैठक में चर्चा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर