हरियाणा जल सुरक्षित राज्य के लक्ष्य को 2047 से पहले पूरा करेगा : गंगवा
- Admin Admin
- Feb 19, 2025

चंडीगढ़, 19 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि हरियाणा प्रदेश जल सुरक्षित राज्य के लक्ष्य को 2047 से पहले पूरा करेगा। इसके लिए हरियाणा में रेनीवेल, जल जीवन मिशन, अमृत योजना के अलावा नहर आधारित पेयजल परियोजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। मंत्री ने हरियाणा को जल सुरक्षित राज्य बनाने हेतु विभिन्न परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की।
मंत्री रणबीर गंगवा बुधवार को ‘जल सुरक्षित राष्ट्र’ विषय पर उदयपुर (राजस्थान) में आयोजित कार्यक्रम शामिल हुए। गंगवा ने कहा कि दो दिवसीय सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में 2047 तक जल सुरक्षित राष्ट्र के लिए अनेक सुझाव और योजनाओं की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम जल संरक्षण के मामलों में विकसित भारत की यात्रा में अहम भूमिका अदा करेगा। रणबीर गंगवा ने प्रदेश में जल संसाधनों के समुचित इस्तेमाल और योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा में नहर आधारित योजनाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में जल घरों में पानी की कमी है उनको नहरों के ऊपरी छोर पर स्थानांतरित करना प्रक्रिया में है। यह बहुत बड़ा कार्य है, जिसके लिए भारी निवेश की आवश्यकता है। मंत्री ने कहा कि हम इन परियोजनाओं के लिए नाबार्ड की क्षमता का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से हरियाणा को जल सुरक्षित राज्य बनाने के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी से रैनीवैल परियोजना के माध्यम से 216 गांवों को स्थायी आधार पर पीने का पानी उपलब्ध कराया है। नवीन और सतत स्त्रोत वाली यह परियोजना गेम चेंजर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मेवात क्षेत्र के गांवों को रैनी वेल योजनाओं के दायरे में लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस दौरान सिंचाई, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा