फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मांगों के लिए 15 तक कमेटी बनाने के निर्देश
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

निकाय मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को दिए निर्देश
चंडीगढ़, 4 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की मांगों की सुनवाई के लिए 15 अप्रैल तक कमेटी का गठन करें और हर बिंदु पर गहनता से जांच कर इसकी सिफारिश सरकार को भेजें।
मंत्री विपुल गोयल शुक्रवार को हरियाणा निवास में आयोजित नगरपालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विपुल गोयल ने आश्वासन दिय़ा कि उनका प्रयास रहेगा कि हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग में जरूरत के अनुसार बदलाव किए जाएंगे। विभाग में नए कर्मचारियों की आवश्यकता अनुसार भर्ती की जाए, हालांकि कर्मचारियों का कार्य जोखिम वाला होता है। शारीरिक रूप से हष्ट-पुष्ट कर्मचारियों की सेवाएं इस विभाग में आवश्यक है। अधिक उम्र के कर्मचारियों को आपातकालीन ड्यूटी की बजाय स्थापना शाखा व अन्य शाखाओं में ड्यूटी पर रखा जा सकता है। आवश्यकतानुसार कर्मचारियों को विभागीय कोष करने अनिवार्य होते हैं।
बैठक में मंत्री ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हित में शीघ्र ही अग्निशमन कर्मचारी कल्याण फंड का गठन किया जाएगा। इस फंड से ड्यूटी के दौरान माैत व अन्य प्रकार की विकलांगता आने पर कर्मचारी व उसके आश्रितों को वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी आउटसोर्सिंग पार्ट-वन व टू के तहत सेवारत थे, उन्हें कौशल रोजगार निगम में समायोजित किया गया है। बैठक में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ. सुमिता मिश्रा, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग के महानिदेशक शेखर विद्यार्थी के अलावा, नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश शास्त्री मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा