यूसीसी के फायदों के बारे में लोगों को करना होगा जागरूक : मुख्यमंत्री

देहरादून, 30 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हम देवभूमि में समान नागरिक आचार संहिता (यूसीसी) को भी लागू करने की तैयारी कर रहे हैं। यूसीसी के फायदों के बारे में लोगों को जागरूक करना होगा। यूसीसी को लेकर किसी भी तरह की भ्रांतियां न फैले इस बात का विशेष ध्यान रखना है और लोगों को सही जानकारी पहुंचानी है।

मंगलवार को जी.एम.एस.रोड स्थित होटल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजित राज्य स्तरीय भाजपा मीडिया कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया विभाग की भूमिका हमेशा से ही सरकार और जनता के मध्य एक सेतु की रही है। लोगों को क्या सूचना चाहिए और हमने क्या सूचना देनी है, यह काम मीडिया से जुडे़ प्रतिनिधि बेहतर ढंग से समझते हैं। इस प्रकार आप सब संवाद के भी माध्यम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों के अनुरूप अब देवभूमि में समान नागरिक आचार संहिता को भी लागू करने की तैयारी कर रही है। यूसीसी के में लोगों को जागरूक करने में मीडिया विभाग इस कार्य को पूरी कुशलता के साथ करेगा। केन्द्र से लेकर राज्य सरकार की प्रत्येक योजना के बारे में लोगों को बताने में आपकी सशक्त भूमिका है। यही नही सरकार की बात जनता तक और जनता की बात को सरकार तक पहुंचाने में भी मीडिया की अहम भूमिका है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। आज लोगों तक जानकारी पहुंचना तो सरल हो गया है पर सही जानकारी पहुंचना कठिन हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन का ही प्रतिफल है कि हम उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने की ओर अग्रसर हैं। प्रधानमंत्री से प्रेरणा पाकर हमने उत्तराखंड में विगत ढाई वर्षों में कुछ ऐसे महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय लिए हैं, जो विगत 23 वर्षों में नहीं लिए गए थे। हमने एक ओर जहां उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, वहीं धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया। हमने देवभूमि में पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कठोर कदम उठाए।

इसके अलावा उत्तराखंड बनने के 23 वर्षों में पहली बार भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई। मातृशक्ति को मजबूत करने के लिए जहां हमने प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की वहीं वर्ष में तीन मुफ्त सिलेंडर रिफिल देने की योजना भी हम लेकर आए। इन सभी मुद्दों को आप लोगों ने सही प्रकार से जनता तक पहुंचाया है,और इन्हें आगे भी पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नौ वर्षो में, 80 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की। दिव्यांग जनों को सशक्त बनाया। करीब 50 करोड़ जनधन खाते खोले गए, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग साढ़े तीन करोड़ आवास बनाए गए। 8.67 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाया गया। यही नही जहां एक ओर किसान सम्मान निधि के रूप में 2019 से हर वर्ष किसानों को छह हजार रुपये दिए गए वहीं प्रधानमंत्री जी फसल बीमा योजना भी लेकर लाए। महिला सशक्तिकरण के लिए ग्रामीण क्षेत्र में 11.72 करोड़ इज्जत घर बनाए गए और दस करोड़ से ज्यादा उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए। इसके अलावा रोजगार मेला लगाकर दस लाख भर्तियों का अभियान प्रारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में कोरोना जैसी महामारी का डटकर मुकाबला किया गया और लोगों को इसके मुफ्त टीके लगाए गए। राम मंदिर को लेकर विपक्ष ने किस तरह की ओछी राजनीति कर तमाम भ्रांतियां फैलाने का कार्य किया था। तीन तलाक और अनुच्छेद 370 की समाप्ति कानून बनने से तीन तलाक के मामलों में 82 फीसदी की कमी आई। इसके अलावा 34 साल पुरानी शिक्षा नीति बदली गई। कश्मीर घाटी में घुसपैठ की घटनाओं में कमी आई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जी-20 सम्मेलन में भारत ने जहां एक ओर विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाई वहीं, भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बना। देश में डिजिटल लेन-देन भी बढ़ा और 776 अरब डॉलर का निर्यात भी हुआ। 2014 से पूर्व देश के विकास का इंजन बहुत धीमी गति से चल रहा था यही इंजन आज हर क्षेत्र में तेजी से दौड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में प्रतिदिन 38 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो रहा है। 2014 से पूर्व बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए दर-दर भटकना पड़ता था। 2014 से पहले भारत के सांस्कृतिक वैभव पर किस तरह कुठाराघात किया जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक वैभव पुनः वापस लौट रहा है। 2014 के बाद देश में हर साल एक नए आईआईटी का निर्माण हुआ। 2014 के बाद हर साल देश में एक नया आईआईएम बनाया गया। 2014 के बाद हर सप्ताह देश में एक यूनिवर्सिटी खोली गई। 2014 के बाद हर दिन नये कॉलेज व नई आईटीआई का निर्माण किया जा रहा है। यह सब बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले सैकड़ों वर्षों तक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए कार्य भारत की विजय गाथा का यशगान करते रहेंगे। यह सभी कार्य लोगों तक पहुंचाने का दायित्व हम सबका है। आप हम सबके “नारद“ की भूमिका में हैं, इस भूमिका में आप लोग अवश्य सफल होंगे, इसकी भी कामना मुख्यमंत्री ने की।

विपक्ष के दुष्प्रचार का सकारात्मक जवाब देना है मीडिया टीम को : भट्ट

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हम आगामी लोकसभा चुनावों में होने वाली जीत में मीडिया का रोल सबसे अहम होने वाला है। विपक्ष लगातार मीडिया सोशल मीडिया के माध्यम से नकारात्मक प्रचार करने की रणनीति पर काम रहा है, लेकिन हमें उस नकारात्मकता को सकारात्मक जवाब के साथ आगे बढ़ाना है। सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और संगठन की गतिविधियों जनता के बीच पहुंचाने में मीडिया टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ देना है।

जनता उत्तराखंड में डबल इंजन की हैट्रिक बनाएगी : बलूनी

छह सत्रों में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बलूनी ने कहा कि समय के बदलाव के साथ भाजपा ने भी सांगठनिक कार्य कालापों में बड़ा बदलाव किया है जिसका नतीजा है दुनिया की सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन बनना। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि भाजपा का स्वर्णिम काल अभी नहीं आया है जिसको लाने के लिए हम सभी को सहभागी बनना है। राजनैतिक विशेषज्ञों पहले 2014 में हमें हासिल 282 सीटों को स्वर्णिम काल बताया, फिर 2019 की 303 सीटों को स्वर्णिम बताया। लेकिन पार्टी का स्वर्णिम काल अभी आना है जिसके लिए बिना थके, बिना रुके आगामी लोकसभा चुनावों के लिए हम सबको जुटना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में मीडिया की महत्ता और चुनौतियां बढ़ गई हैं। हमारे प्रशिक्षित और सक्रिय मीडिया विभाग, सोशल मीडिया और आईटी के सहयोगी संयुक्त रूप से बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। हमने इस दौरान श्री बलूनी ने प्रतिभागी पदाधिकारियों से सुझाव लिए और उनके मीडिया मैनेजमेंट से जुड़े सवालों पर मार्गदर्शन दिया।

लोकसभा, विधानसभा स्तर पर कार्यशालाओं का होगा आयोजन-

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि चुनाव की दृष्टि से प्रदेश मीडिया कोर कमेटी बनाई जाएगी, जो विभिन्न समसामयिक राजनैतिक मुद्दों पर पार्टी की वैचारिक पक्ष पर विमर्श करेंगे। साथ ही पहले लोकसभा,फिर विधानसभा स्तर पर मीडिया प्रभारी और टीम तैयार की जाएगी। ताकि केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को समन्वय के साथ जन जन तक पहुंचाने और प्रचार प्रसार की रणनीति को अमलीजामा पहुंचाया जा सके। चुनाव के दृष्टिगत पीएम मोदी समेत अन्य राष्ट्रीय नेताओं की प्रस्तावित रैलियों और रोड़ शो को लेकर मीडिया मैनेजमेंट की रणनीति तैयार की जाएगी।

प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर के संचालन में हुई इस कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, दायित्वधारी और प्रदेश मीडिया टीम सदस्य डाक्टर देवेंद्र भसीन,मधु भट्ट,शामूम काजमी, मीडिया की राष्ट्रीय टीम से सतीश लखेड़ा,युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक रावत,प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी,संजीव वर्मा,मानिकनिधि शर्मा,चंदन बिष्ट, कमलेश उनियाल,प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र बिष्ट,कर्नल कोठियाल, विपिन कैंथोला,हनी पाठक,सुनीता विद्यार्थी, कुंवर जपेंद्र,प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट समेत जिला मीडिया प्रभारी,सह प्रभारी, सभी मोर्चों के प्रदेश और जिलों के प्रभारी व सहप्रभारी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर