महिलाओं के शिक्षित, स्वस्थ व सशक्त होने से देश होगा उन्नत : डॉ. प्रियंका चन्द्रा
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

नाहन, 08मार्च (हि.स.)। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज जिला सिरमौर के डाईट नाहन में जिला स्तरीय कार्यकम आयोजित हुआ जिसमें उप मंडलाधिकारी पच्छाद डॉ. प्रियंका चन्द्रा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, खेलकूद व प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही है और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज को विकसित करने में अपना योगदान दे रही है। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमेशा ही महिलाओं के संघर्ष की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम एक्सेलरेट एक्शन रखी गई है यह थीम महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए तेजी से प्रगति करने की अपील करती है और महिलाओं के उत्थान के साथ-साथ समान अवसर प्रदान करने और भेदभाव समाप्त करने की दिशा में सक्रिय कदम उठाने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि हम महिलाएं देश की आधी आबादी है महिलाओं के शिक्षित, स्वस्थ व सशक्त होने से ही हमारा देश उन्नति करेगा। हमारे देश में नारी को पूजनीय माना गया है ऐसी हमारी परंपरा प्राचीन समय से रही है धीरे-धीरे समाज में आई कुरीतियों से महिला का स्तर कम होता गया,परंतु आज प्रत्येक महिला को पुरूषो के समान अधिकार व सम्मान प्राप्त हो रहा है।
उन्होने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण का दौर है सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। महिला सशक्तिकरण का एक ऐसा ही उदाहरण उनके उपमंडल पच्छाद की पंचायत बागपशोग में निर्मित शी-हाट की महिलाओं ने प्रस्तुत किया है। इस शी-हाट से सिरमौर को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर