महिला पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप:बरनाला में व्यक्ति को ब्लैकमेल करती थी, मृतक की पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
- Neha Gupta
- Jul 07, 2026
पंजाब के बरनाला जिले में एक महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई शहीद भगत सिंह नगर निवासी चरणजीत कौर की शिकायत पर की गई, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति गुरदीप सिंह ने आरोपी महिला मीना रानी उर्फ मीनू की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गुरदीप सिंह का काफी समय से संधू पट्टी, बरनाला निवासी मीना रानी उर्फ मीनू से संपर्क था। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। चरणजीत कौर ने बताया कि कुछ समय बाद मीना रानी ने उनके पति से पैसों की मांग शुरू कर दी। जब गुरदीप सिंह ने पैसे देने से इनकार किया, तो महिला ने उन्हें लगातार परेशान करना शुरू कर दिया। मीना रानी पर जान से मारने की धमकियां देने का आरोप आरोप है कि मीना रानी उन्हें जान से मारने की धमकियां देती थी और ब्लैकमेल करती थी, जिससे गुरदीप सिंह मानसिक तनाव में रहने लगे थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मीना रानी की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर गुरदीप सिंह ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने मीना रानी उर्फ मीनू के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिटी वन बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

