फरीदकोट में कानूनगो गिरफ्तार:जमीन पर कब्जा दिलाने के बदले मांगे थे 80 हजार, 40 हजार रिश्वत लेने हुए विजिलेंस ने दबोचा
- Neha Gupta
- Jun 02, 2026
फरीदकोट में विजिलेंस ब्यूरो ने 40 हजार रिश्वत वसूलने के मामले में हल्का गोलेवाला के कानूनगो वरिंदर सिंह बुट्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना विजिलेंस ब्यूरो रेंज फिरोजपुर में कुछ दिन पहले 13 मई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया था और जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार फरीदकोट के गांव भागथला निवासी जसविंदर सिंह ने पंजाब सरकार की एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसकी जमीन से जुड़े मामले में अदालत के आदेश को लागू करवाने और कब्जा दिलाने के एवज में कानूनगो वरिंदर सिंह बुट्टर ने रिश्वत वसूली गई है। लंबे समय से कोर्ट में चल रहा था विवाद शिकायतकर्ता का जमीन संबंधी विवाद लंबे समय से अदालत में चल रहा था। वर्ष 2019 में जिला अदालत फरीदकोट ने फैसला शिकायतकर्ता के पक्ष में सुनाया था। इसके बाद दूसरी पार्टी ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अपील दायर की थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बाद सिविल जज ने राजस्व विभाग को शिकायतकर्ता को उसकी जमीन का कब्जा दिलाने के निर्देश दिए थे। विजिलेंस जांच में सामने आया कि अदालत के आदेश को लागू करने के बदले कानूनगो ने शिकायतकर्ता और उसके बेटे से 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी जिसपर शिकायतकर्ता ने आरोपी को 40 हजार रुपये आरोपी को दे दिए और इस लेन-देन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा की गई जांच के दौरान रिश्वत लेने के आरोप सही पाए गए। अदालत से रिमांड से लेकर पूछताछ की जाएगी-जांच अधिकारी इस मामले में जांच अधिकारी विजिलेंस ब्यूरो फरीदकोट के इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने आरोपी कानूनगो को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। अब उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है या भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने आता है तो उसकी सूचना तुरंत विजिलेंस विभाग को दें।

