भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर के आदमपुर ब्लॉक के गांव अर्जनवाल में केंद्र सरकार के खेत बचाओ अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जालंधर ने कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) जालंधर और केंद्रीय एकीकृत कीट प्रबंधन केंद्र (सीआईपीएमसी) जालंधर के सहयोग से कराया। केवीके की डॉ. प्रभजीत कौर (सहायक प्रोफेसर, एग्रोनॉमी) ने खरीफ फसलों में संतुलित उर्वरक उपयोग और मिट्टी परीक्षण आधारित सिफारिशों की जानकारी दी। डॉ. हरविंदर सिंह (सहायक प्रोफेसर, पौधा सुरक्षा) ने धान में एस.आर.बी.एस.डी.वी. और फॉल्स स्मट रोग की पहचान व प्रबंधन पर चर्चा की। सीआईपीएमसी के डॉ. पी.सी. भारद्वाज (सहायक निदेशक) ने आईपीएम रणनीतियां, बीज शोधन, जैव-कीटनाशकों तथा जैविक नियंत्रण एजेंटों के संरक्षण की जरूरत बताई। पौधा सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने कीट व फेरोमोन ट्रैप के उपयोग की जानकारी दी। सहायक पौधा सुरक्षा अधिकारी संजे डी.जे. ने कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग और छिड़काव के दौरान सुरक्षा उपायों पर प्रकाश डाला। डॉ. सुखचैन सिंह, डॉ. गुरप्रीत सिंह और डॉ. मनदीप सिंह ने क्रमशः खरीफ की नवीन तकनीक, मूल्यवर्धन-प्रोसेसिं ग के अवसर और टिकाऊ खेती पर जानकारी साझा की। कृषि प्रसार अधिकारी श्री राजिंदर कुमार, एएसआई श्री अमृतपाल सिंह तथा एटीएम श्री अमनदीप ने भी अभियान के उद्देश्यों पर किसानों से संवाद किया।

