दुकानदारों के समर्थन में उतरीं शिल्पी चक्रवर्ती, कहा - रोजगार छीनने नहीं देंगे
- DSS Admin
- Jun 01, 2026

पश्चिम बर्दवान, 01 जून (हि. स.)। बर्नपुर टाउनशिप के बारी मैदान इलाके में सड़क चौड़ीकरण के लिए चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध सोमवार को उस समय और तेज हो गया जब पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं वामपंथी नेता शिल्पी चक्रवर्ती दुकानदारों के समर्थन में मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने सेल आईएसपी प्रबंधन से दुकानदारों के पुनर्वास के बिना किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं करने की मांग की।
शिल्पी चक्रवर्ती ने कहा कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने माकपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता ने पहले ममता बनर्जी और बाद में अग्निमित्रा पाल पर भरोसा किया, लेकिन आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि आईएसपी के आधुनिकीकरण का हम विरोध नहीं करते, लेकिन आधुनिकीकरण के नाम पर गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनना स्वीकार नहीं किया जा सकता। जिस कारखाने को बचाने के लिए वाम मोर्चा सहित विभिन्न दलों ने आंदोलन किया, आज उसी कारखाने के नाम पर लोगों का रोजगार खत्म किया जा रहा है।
उन्होंने विधायक अग्निमित्रा पाल और आईएसपी प्रबंधन से दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि कोई न कोई वैकल्पिक व्यवस्था निकाली जानी चाहिए। कम से कम दुकानदारों को अस्थायी शेड या अन्य स्थान उपलब्ध कराया जाए ताकि उनके परिवारों का भरण-पोषण प्रभावित न हो।
शिल्पी चक्रवर्ती ने यह भी आरोप लगाया कि आईएसपी के लिए जमीन देने वाले कई परिवारों को अब तक रोजगार नहीं मिला, जबकि तृणमूल के राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों को नौकरी दी गई। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि हजारों परिवारों की जीविका का है।
उन्होंने दुकानदारों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई रोजगार बचाने की लड़ाई है। सभी राजनीतिक मतभेद भुलाकर लोगों को एक मंच पर आना होगा।
विरोध प्रदर्शन के कारण प्रबंधन को अपना अभियान रोकना पड़ा। शिल्पी चक्रवर्ती ने कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, आंदोलन जारी रहेगा।
---------------

