लुधियाना का जगप्रीत कनाडा में पत्नी का कातिल करार:19 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा; चाकू मारकर किया मर्डर; मां को की थी वीडियो कॉल
- Neha Gupta
- Jul 04, 2026
कनाडा की ब्रिटिश कोलंबिया सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब के लुधियाना निवासी जगप्रीत सिंह को अपनी ही पत्नी बलविंदर कौर (41) की चाकुओं से गोदकर हत्या करने का दोषी करार दिया है। कोर्ट ने जगप्रीत सिंह को सेकेंड डिग्री मर्डर के आरोप में दोषी माना है। कोर्ट अब आगामी 19 अक्टूबर को जगप्रीत सिंह के साइकेट्रिक असेसमेंट रिपोर्ट की समीक्षा करेगी, जिसके बाद उसकी सजा का ऐलान किया जाएगा। आरोपी जगप्रीत सिंह को पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हो सकती है। जगप्रीत सिंह भारत से विजिटर वीजा पर 2024 में कनाडा गया था और वहां पहुंचने के छह दिन बाद ही उसने एबॉट्सफोर्ड स्थित एक बेसमेंट सुइट में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। जगप्रीत ने हत्या के बाद अपनी मां को वीडियो कॉल करके कहा था कि काम हो गया है। अदालत ने जगप्रीत के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें उसने इसे 'गलती से हुआ हादसा' और 'अचानक उपजे गुस्से का परिणाम' बताने की कोशिश की थी। पत्नी की हत्या केस की कोर्ट प्रोसिडिंग में क्या-क्या हुआ, सिलसिलेवार जानिए... जगप्रीत सिंह ने चाकू मारकर कैसे की थी पत्नी की हत्या, सिलसिलेवार जानिए... पत्नी बेटी के साथ गई थी कनाडा: जगप्रीत सिंह लुधियाना के पखोवाल रोड का रहने वाला है। उसकी पत्नी बलविंदर कौर साल 2022 में अपनी बेटी की मदद के लिए कनाडा के एबॉट्सफोर्ड शिफ्ट हुई थीं, जो वहां यूनिवर्सिटी की पढ़ाई करने गई थी और बाद में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से घिर गई थी। जगप्रीत 9 मार्च 2024 को कनाडा पहुंचा था। हत्या से पहले की थी शॉपिंग: 15 मार्च 2024 की शाम को जगप्रीत और बलविंदर एबॉट्सफोर्ड के एक गुरुद्वारा साहिब गए थे। इसके बाद वे दोनों मॉल में शॉपिंग करने गए। रात करीब 9:30 बजे दोनों उबर टैक्सी से वैगनर ड्राइव स्थित अपने बेसमेंट सुइट में वापस लौटे। पैसों को लेकर विवाद: बलविंदर कौर की बहन राजविंदर कौर ने तब मीडिया से बात करते हुए कहा था कि जगप्रीत बेरोजगार था। इस वजह से घर लौटने के बाद दोनों के बीच आर्थिक तंगहाली और पैसों को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। चाकू से 7 वार किए थे: पत्नी पत्नी की बहस के दौरान जगप्रीत ने गोश्त काटने वाले एक भारी चाकू से बलविंदर पर हमला कर दिया। उसने बलविंदर के गले और छाती पर एक के बाद एक 7 बार चाकू से वार किए। हमला इतना जोरदार था कि चाकू का हैंडल टूटकर बलविंदर के शव के पास ही गिर गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि गले और छाती की नसों के कटने व अत्यधिक खून बहने के कारण बलविंदर की मौत हुई। मां को वीडियो कॉल की: बलविंदर को लहूलुहान करने के तुरंत बाद जगप्रीत ने पंजाब के लुधियाना में रहने वाली अपनी मां को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल किया। बलविंदर की बहन ने बताया कि वीडियो कॉल पर तड़पती हुई पत्नी को दिखाते हुए जगप्रीत ने अपनी मां से कहा, "मैंने इसे हमेशा के लिए सुला दिया है।" वहीं जगप्रीत के भाई का दावा किया था कि उसने फोन पर सिर्फ यह कहा था कि गलती से चोट लग गई है और वह माफी मांग रहा था। बेसमेंट में खून से लथपथ पड़ी थी बलविंदर कौर: रात करीब 10:38 बजे जब एक पड़ोसी किसी काम से बेसमेंट सुइट में गया, तो वह दंग रह गया। बलविंदर जमीन पर खून से लथपथ और बेसुध पड़ी थीं। सूचना मिलने पर तत्काल एबॉट्सफोर्ड पुलिस और आपातकालीन सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जगप्रीत को किया था गिरफ्तार: जब कॉन्स्टेबल निकोलस हाउडेन पुलिस टीम के साथ घर के अंदर दाखिल हुए, तो जगप्रीत सिंह बेसमेंट में सोफे के पास जमीन पर बैठा हुआ था। वह डरा हुआ और सदमे में दिख रहा था और पुलिस अधिकारियों को सिर्फघूर रहा था। चूंकि वह अंग्रेजी नहीं जानता था, इसलिए उसे अधिकारियों के निर्देश समझने में भी दिक्कत हो रही थी। पुलिस ने जगप्रीत को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि बलविंदर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

