भाजपा की सदस्यता का दूसरा चरण शुरू 15 अक्टूबर तक चलेगा: गोविंद ठाकुर

मंडी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी सदस्यता अभियान 2024 के अंतर्गत दूसरे चरण के लिए ग्राम केंद्र विस्तारकों की कार्यशाला का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय गुटकर में मंगलवार को हुआ। जिसमें मंडी ज़िला के सभी मंडलों से लगभग 140 विस्तारकों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा ने की जबकि बैठक में विशेष रूप से पूर्व मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद ठाकुर और द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर उपस्थित रहे।

गोविंद ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि सदस्यता का दूसरा चरण एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिला के सभी ग्राम केंद्रों पर ग्राम केंद्र विस्तारक भेजे जाएंगे। सभी विस्तारक सदस्यता लक्ष्य को पूरा करेंगे। इस अभियान में सभी मोर्चो के पदाधिकारी सदस्यता करेंगे।

इस दौरान विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि सदस्यता अभियान पार्टी का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया की कार्यकर्ता घर-घर जाकर सभी को सदस्यता ग्रहण कराएं। अभियान की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा ने कहा कि मंडी जिला में सदस्यता लक्ष्य का 65 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष बचे लक्ष्य को भाजपा कार्यकर्ता 15 दिनों के भीतर पूरा कर लेंगे। निहाल शर्मा ने प्रथम चरण के सदस्यता अभियान के लिए सभी कार्यकर्ताओं को शानदार काम के लिये बधाई दी।

उन्होंने बताया कि सभी मोर्चे पहली अक्टूबर से सदस्यता में प्रमुखता से जुटेंगे। इसमें युवा मोर्चा शिक्षण संस्थाओंए बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्टॉल लगाकर सदस्यता करेगा। ज्यादा से ज्यादा युवा वर्ग और महिलाओं को पार्टी को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी जिला में भाजपा कार्यकर्ताओं का सदस्यता अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और हम तय लक्ष्य से बढक़र पार्टी की सदस्यता करवाएंगे और इतिहास दर्ज करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

   

सम्बंधित खबर