महाराष्ट्र के परभणी में निर्माणाधीन हनुमान मंदिर का एक हिस्सा गिरने से 4 लोगों की मौत, 18 घायल

मुंबई, 20 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तहसील स्थित यशवाड़ी में शनिवार को निर्माणाधीन हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई और करीब 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा गया है। मौके पर जिलाधिकारी की टीम और पुलिस राहत और बचाव कार्य जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक राजेश तुपेकर मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरु किया। इसके बाद राजेश तुपेकर ने पत्रकारों को बताया कि इस घटना में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज स्थानीय अस्पताल में हो रहा है। घटनास्थल पर भी ग्रामीण और जिलाधिकारी की टीम राहत और बचाव कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, परभणी जिले के यशवाड़ी में बन रहे हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा गिरने से हुए दुखद हादसे में कुछ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। मैं मारे गए श्रद्धालुओं को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और पीडि़त परिवारों के दुख में शामिल हूँ। हादसे में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और तेज़ी से राहत व बचाव कार्य किए जा रहे हैं।

मानवत तहसील के तहसीलदार पांडुरंग मोचेवाड ने बताया कि घायल श्रद्धालुओं में से करीब छह की हालत गंभीर है। इन सभी का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है। उन्होंने कहा, बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और मिलकर काम करते हुए फंसे हुए श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।

तहसीलदार ने बताया कि शनिवार होने की वजह से यशवाड़ी में बन रहे हनुमान मंदिर के निर्माण कार्य के पास गांव के लोग जमा थे। उसी समय हुए अचानक हादसे में मंदिर की छत टूट गई और लोग इसके नीचे आ गए। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। परभणी जिले की संरक्षक मंत्री मेघना बोरडीकर ने कहा कि घायलों और पीडि़तों के परिवारों को हर ज़रूरी आर्थिक मदद दी जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर