सागर: देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन करते युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और 320 पाव शराब जब्त
- DSS Admin
- May 15, 2026
सागर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब की तस्करी कर रहा था।
शुक्रवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिन 14 मई को देवरी पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर देवरी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिराम मानकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फोर लाइन कांसखेड़ा तिराहा, मलेह रोड पर सतर्कता के साथ घेराबंदी की। कुछ ही देर में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सिद्धार्थ उर्फ सिद्दू (20 वर्ष), निवासी ग्राम जैतपुर, थाना देवरी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल (MP 15 ZQ 6574) पर लटके दो बड़े थैलों से पुलिस ने 320 पाव देशी शराब (लाल मसाला एवं प्लेन), कुल मात्रा 57.600 लीटर जप्त की। परिवहन में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जप्त की गई।
पुलिस ने बताया कि, आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 178/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति विक्रम दांगी (निवासी जैतपुर पिपरिया) का नाम भी उजागर किया है। पुलिस अब विक्रम की भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने की बात कह रही है।
---------------

