संभल : विवादित शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई दूसरे दिन भी जारी

मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में विवादित शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई दूसरे दिन सोमवार को भी जारी है। मस्जिद की रंगाई पुताई रविवार को 10 मजदूरों के साथ शुरू हो गई थी।

दो दिन पहले शनिवार को दोपहर में भारतीय पुरात्व सर्वेक्षण (एएसआई) की तीन सदस्यीय टीम पेंटर व मजदूरों के साथ पहुंची थी। इस दौरान मस्जिद की लम्बाई चौड़ाई की नपाई की गई थी। लेकिन कार्य शुरू किए बिना वापस लौट गई थी।

मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट ने बताया हर वर्ष रमजान के महीने में जामा मस्जिद की पुताई और सजावट होती रही है। इसको लेकर इस बार एएसआई से अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली तो उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। बीते 12 मार्च को उच्च न्यायालय ने पुताई और सजावट का आदेश जारी करते हुए कहा था कि 7 दिन के अंदर मस्जिद की रंगाई पुताई का कार्य पूरा करना है। साथ ही यह भी कहा था कि इस पुताई और सजावट के कार्य की निगरानी एएसआई द्वारा की जाएगी। इसके बाद 13 मार्च को एएसआई की टीम जामा मस्जिद पहुंची थी। टीम ने बाहरी हिस्से के साथ अंदर के परिसर का भी निरीक्षण किया था। उन स्थानों को टीम ने देखा था जहां पुताई की जानी है।

मस्जिद के बाहरी हिस्से पर पुताई के लिए आदेश किया गया है। सफेद, हरे और सुनहरे रंग से जामा मस्जिद की पुताई करवाई जा रही है। सदर जफर अली एडवोकेट ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर सात दिन इसी के चलते रविवार को पुताई कार्य आरम्भ हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर