ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से सेना के जवान बबलू चौधरी का निधन, सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार

भरतपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। डीग जिले के सिनसिनी गांव निवासी भारतीय सेना के 26 वर्षीय जवान बबलू चौधरी का ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया। वे महाराष्ट्र के नासिक में नायक के पद पर तैनात थे। 5 जुलाई को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

मंगलवार को जवान बबलू चौधरी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिनसिनी पहुंचा। पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में रखा गया, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम संस्कार से पूर्व सेना के जवानों ने अपने साथी को गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी। इस दौरान बबलू चौधरी अमर रहें और भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जवान का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। उनके 7 वर्षीय पुत्र यश कुमार और छोटे भाई पंकज ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में हजारों ग्रामीण शामिल हुए।

पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पत्नी मंजू, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शोक की इस घड़ी में पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।

बबलू चौधरी वर्ष 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2018 में उनकी शादी मंजू से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र—यश कुमार (7 वर्ष) और भावेश (3 वर्ष) हैं। उनके छोटे भाई पंकज भी भारतीय सेना में लांसनायक के पद पर तैनात हैं, जबकि पिता विजेंद्र सिंह पूर्व सैनिक हैं और सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सीताराम बैरवा, तहसीलदार जुगिता मीणा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

ग्रामीणों ने बताया कि बबलू चौधरी बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर है।

---------------

   

सम्बंधित खबर