
नाहन, 21 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा और नाहन क्षेत्र के दून घाटी में इस साल स्ट्रॉबेरी की बंपर पैदावार हो रही है। लंबे समय से यहां के किसान गेहूं, लहसुन और प्याज की तुलना में स्ट्रॉबेरी की खेती को ज्यादा फायदेमंद मान रहे हैं। इस साल की बेहतरीन फसल से किसान काफी खुश हैं, क्योंकि उन्हें इससे अच्छा मुनाफा हो रहा है।
पांवटा साहिब की स्ट्रॉबेरी पूरे देश में मशहूर हो रही है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के व्यापारी और आम लोग यहां से बड़ी मात्रा में स्ट्रॉबेरी खरीद रहे हैं। चंडीगढ़-देहरादून नेशनल हाईवे के किनारे लोकल किसानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर भी भारी खरीदारी हो रही है। कई ग्राहक तो सीधे किसानों के खेतों में जाकर ताजा स्ट्रॉबेरी खरीदना पसंद कर रहे हैं।
इस बार मौसम अनुकूल रहने के कारण स्ट्रॉबेरी की खेती को काफी फायदा हुआ है। किसान उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले समय में मौसम अच्छा रहा तो उन्हें और अधिक मुनाफा होगा। हालांकि, यदि ज्यादा बारिश होती है, तो फसल को नुकसान पहुंच सकता है। फिलहाल किसानों की मेहनत रंग ला रही है और उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर