फर्जी परचेज ऑर्डर से लाखों की धोखाधड़ी करने वाला मुख्य आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत धोखाधड़ी के मामलों में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में फर्जी परचेज ऑर्डर जारी कर एक फैक्टरी को लाखों रुपये की आर्थिक हानि पहुंचाने वाले मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 23 मई को चंदन कौचर पुत्र सुरेश कौचर निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उनकी कंपनी के नाम से फर्जी परचेज ऑर्डर जारी कर धोखाधड़ी की गई, जिससे फैक्टरी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं साक्ष्य आधारित जांच करते हुए मामले के मुख्य आरोपित कुलदीप कुमार पाण्डेय पुत्र संजीव कुमार निवासी गली नंबर-6, कमला नगर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित फर्जी परचेज ऑर्डर के माध्यम से धोखाधड़ी कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

