हरित हरिद्वार अभियान : हरेला पर्व पर हरिद्वार में 30 हजार पौधरोपण का लक्ष्य
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्यावरण एवं सांस्कृतिक लोकपर्व हरेला के अवसर पर आगामी 16 जुलाई से हरिद्वार जनपद में जनभागीदारी के साथ वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनपद में 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस बाबत जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक में स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई से शुरू होने वाला अभियान एक माह तक चलेगा, जिसमें पौधों की अधिकतम जीवितता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। अभियान में जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए गठित जिला स्तरीय समिति में वन विभाग, कृषि, उद्यान, शिक्षा, ग्राम्य विकास, नगर निकाय, स्वास्थ्य, जल संस्थान, जल निगम, उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों को शामिल किया जाएगा। सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
पौधारोपण के लिए शासकीय कार्यालय, विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर, अस्पताल, पार्क, सार्वजनिक स्थल, सड़क किनारे, नदी-नालों के तट, सामुदायिक भूमि और खाली सरकारी भूमि को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, स्वयं सहायता समूह, युवा मंगल दल, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय नागरिक भाग लेंगे।
डीएफओ ने बताया कि कुंभ क्षेत्र को हरित बनाने के उद्देश्य से हरित हरिद्वार कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

