रामबिलास साहू ने कांग्रेस पार्टी से दिया इस्तीफा

रायपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास साहू ने गुरुवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसके लिए पार्टी में किसानों और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को वजह बताया है। साथ ही पार्टी पर अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण के लिए बहुसंख्यक हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का भी आरोप लगाया है।

प्रदेश अध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफा में साहू ने लिखा है कि, कांग्रेस पार्टी की स्थापना जिस मूल्यों के आधार पर हुई हैं, आज कांग्रेस पार्टी उससे पूरी तरीके से भटक चुकी हैं। जिसका सबसे बड़ा प्रमाण हैं इस देश के बहु संख्यक हिन्दुओं की भावनाओं को कुचल कर हम सब के आराध्य भगवान राम जी की जन्म स्थलीय अयोध्या में उसके मूर्ति के स्थापना के आमंत्रण को ठुकरा देना। देश की एकता को तार तार करने वोले कश्मीर में लगाए गए धारा 370 के खत्म होने का विरोध करना। अल्पसंख्यक को खुश करने के लिए बहुसंख्यक हिन्दुओं को अपमानित करना। इसके अलावा वोटों की राजनीति के लिए किसानों की हितों की बात करना पर जमीनी धरातल पर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक किसानों एवं किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों की उपेक्षा। इन सारी बातों के कारण मैंने किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर