जम्मू-रियासी सीट पर ७१ प्रतिशत लोगों ने अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए लगाई लाइनें

दूसरे चरण में १३ राज्यों की ८८ लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न

जम्मू। स्टेट समाचार 

लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम सात बजे तक पूरे देश में ६०.९६ प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आम चुनाव के लिए दूसरे दौर के मतदान में केरल की सभी 20 सीटों, कर्नाटक की 28 सीटों में से 14 सीटों, राजस्थान की 13 सीटों, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीटों, मध्य प्रदेश की छह सीटों और पांच-पांच सीटों पर मतदान हुआ। एक अनुमान के अनुसार जम्मू लोकसभा सीट के लिए आज करीब ७१ प्रतिशत मतदान हुआ। जम्मू लोकसभा सीट पर दोपहर तीन बजे तक 57 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।  निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के 2,416 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर तीन बजे तक 57.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर 17.80 लाख पात्र मतदाता हैं।   भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान सांसद जुगल किशोर शर्मा 2014 और 2019 के चुनावों में जीतने के बाद अब तीसरी बार इस सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जबकि 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस' ('इंडिया') ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला को मैदान में उतारा है। इस सीट पर कुल 22 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।  अधिकारियों ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक जम्मू लोकसभा सीट के अखनूर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 65.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।  श्री माता वैष्णोदेवी क्षेत्र  में 64.77 प्रतिशत, रियासी में 64.19 प्रतिशत, गुलाबगढ़ में 63.07 प्रतिशत, नगरोटा में 61.76 प्रतिशत, सांबा में 61.36 प्रतिशत, मार्च में 60.71 प्रतिशत और छम्ब में 60.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।  अधिकारियों ने बताया कि दोपहर एक बजे तक बहू क्षेत्र में सबसे कम 49.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जम्मू के त्रिकुटानगर इलाके में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदान करने के लिए लोगों में उत्साह है।  उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ''यह सफल लोकतंत्र का आधार है और इसीलिए इसे उत्सव कहा जाता है... सभी चरण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए उत्तम साबित होंगे।''  मौजूदा सांसद शर्मा ने परिवार के सदस्यों के साथ नगरोटा के किशनपुर सरकारी हाईस्कूल में स्थापित मतदान केंद्र पर मतदान किया।   मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घरों से बाहर आना चाहिए और अपने मताधिकार का उपयोग करके एक मजबूत लोकतंत्र में योगदान देना चाहिए।  भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रमुख रवींद्र रैना ने सांबा और जम्मू जिलों में विभिन्न मतदान बूथों का दौरा किया और बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए लोगों का आभार जताया।  कई मतदान केंद्रों का दौरा करने वाले कांग्रेस के भल्ला ने निर्वाचन क्षेत्र में सुचारू रूप से जारी मतदान पर खुशी व्यक्त की।  रियासी जिले के एक मतदान केंद्र पर 102 वर्षीय हाजी करमदीन ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा, मैं इस उम्र में मतदान करके बहुत खुश हूं।  जम्मू के सभी मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 15,000 से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।  जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पांडुरंग के पोल ने कहा, ''स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।''  जम्मू लोकसभा सीट पर 2019 के चुनाव में 74 प्रतिशत मतदान हुआ था। 

   

सम्बंधित खबर