फेल होने पर 10वीं के छात्र ने आग लगाकर की आत्महत्या

हमीरपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। दसवीं कक्षा में फेल होने पर एक छात्र ने आग लगा ली थी। इससे वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया था। उसे मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। शनिवार को पुलिस पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है।

राठ थाना क्षेत्र के मझगवा गांव निवासी अमरचंद्र अहिरवार राठ में पीआरडी जवान है। उनका 17 साल का बेटा साहित्य अमगांव के पियासेन स्कूल में पढ़ता था। अमरचंद्र ने शनिवार को बताया कि बेटे ने इस बार दसवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। यूपी बोर्ड ने 20 अप्रैल को रिजल्ट जारी किया था। इसमें बेटा साहित्य फेल हो गया था। इस वजह से वह डिप्रेशन में आ गया था।

पिता ने आगे बताया कि घर पर बेटा साहित्य अकेला था। अचानक घर में से धुआं निकलने लगा। यह देख आसपास के लोग पड़ोसी की छत से अंदर दाखिल हुए। तब साहित्य कमरे में बंद था और बचाने की गुहार लगा रहा था। उसी ने कमरे की कुंडी खोली। इसके बाद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। साहित्य को राठ और इसके बाद उरई ले गए, जहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झांसी में छात्र साहित्य की मौत हो गई।

बताया जा रहा कि साहित्य ने दसवीं में फेल होने से दुखी होकर आग लगाकर जान दी है। छात्र साहित्य की मौत के बाद घर में मातम का माहौल है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन सुमन जीएनएम कर रही है। जबकि छोटी बहन छह साल की गुनगुन भी पढ़ रही है। इकलौते बेटे की मौत के बाद पिता और मां सदमे में हैं। दोनों रो-रोकर बेहाल है।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित

   

सम्बंधित खबर