महिला हेल्पलाइन 181 का प्रबंधन अब महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मे

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। महिला हेल्पलाइन नंबर 181 का प्रबंधन अब दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उल्लेखनीय है कि कल तक यानी 30 जून, 2024 तक महिला हेल्पलाइन, दिल्ली महिला आयोग द्वारा संभाला जा रहा था। फिलहाल ट्रांज़िशन फ़ेज में हेल्पलाइन हस्तांतरण में एक दो दिन का समय लगेगा।

इस दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल किया जा सकता है। इस नंबर पर महिलाओं से संबंधित आने वाले सभी कॉल को विभाग को भेज दिया जाएगा। यदि कोई महिला वर्तमान में 181 पर कॉल करती है तो उन्हें महिला हेल्पलाइन-181 वर्तमान में तकनीकी बदलाव के चरण में है, कृपया किसी भी सहायता के लिए 112 पर कॉल करें सुनाई देगा।

इस पर बयान देते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, “हम दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा लक्ष्य संकटग्रस्त महिलाओं को समय पर आवश्यक मदद पहुंचाना है। हमारे विभाग ने कॉल को प्रभावी ढंग से संभालने और समय पर सहायता प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। मुझे विश्वास है कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 कुछ दिनों के भीतर फिर से चालू हो जाएगा।”

यह परिवर्तन केंद्र सरकार के निर्देश पर हुआ है। 4 मई, 2023 को केंद्र सरकार द्वारा मुख्य सचिव को लिखे पत्र में महिला हेल्पलाइन-181 का प्रबंधन दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपने को कहा गया था। कल 30 जून 2024 तक दिल्ली महिला आयोग के तहत महिला हेल्पलाइन चालू थी। महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर हर महीने लगभग 40,000 कॉल आती हैं। यह एक टोल-फ्री, 24 घंटे की दूरसंचार सेवा है जो सहायता चाहने वाली महिलाओं को सहायता और जानकारी प्रदान करती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर