सपा, बसपा, कांग्रेस व भाजपा ने हमेशा मतदाताओं को भ्रमित करने का काम किया : अशोक सिंह

जौनपुर,01 मई (हि.स.)। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जौनपुर सदर लोकसभा सीट से प्रत्याशी अशोक सिंह ने बुधवार को अपना दूसरे सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।

अशोक सिंह ने अपने समर्थकों के साथ बैलगाड़ी पर बैठकर पूरे किसान की वेशभूषा में हाथों में गन्ना लिए कलेक्ट्रेट परिसर की तरफ जब निकले तो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। अशोक सिंह अपनी पार्टी के चुनाव निशान गन्ना किसान की वेशभूषा में बैलगाड़ी से नामांकन पत्र दाखिल करने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। रिटर्निंग ऑफिसर के सामने नामांकन दाखिल करने के बाद अशोक सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आज इस सीट पर जो भी प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है सभी पर कोई न कोई बड़ा दाग लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि बात करें समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार बाबू सिंह कुशवाहा की तो वह करोड़ रुपये के घोटालेबाज हैं। बसपा पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी ज्वाइन किया है, उसके कारण कई लोगों ने आत्महत्या भी कर लिया है तो वह देश की क्या सेवा करेंगे। वही भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कृपा शंकर सिंह की है, जो पूर्व में कांग्रेस के महाराष्ट्र सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे और करोड़ों रुपये का घोटाला करके भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन किये हैं, जबकि मैं इसी जिले का रहने वाला हूं और कई वर्षों से लोगों की सेवा कर रहा हूं। ऐसे में यदि मैं चुनाव जीतता हूं तो अपनी पार्टी के मेनिफेस्टों के अनुसार कार्य करुंगा। खास तौर पर किसानों के लिए मेरी पार्टी हर वो काम करने के लिए तैयार है जिसकी मांग किसान वर्षों से कई सरकारों से करते चले आ रहे हैं।

अशोक सिंह ने कहा कि आज सत्ता पक्ष के लोग किस तरह से किसानों की अनदेखी कर रहे हैं यह सब जान रहे हैं। सपा, बसपा, कांग्रेस व भाजपा ने हमेशा अपने मतदाताओं को भ्रमित करने का काम किया, जबकि महंगाई चरम पर है। जाति व धर्म के आधार पर लोग राजनीति कर अपना वोटबैंक बनाने में जुटे हैं। ऐसे में हमारी पार्टी समाज के सभी वर्गों और धर्म को लेकर पूरे देश में चुनाव लड़ रही है और आने वाला समय हमारी पार्टी के बगैर कोई भी सरकार केंद्र में नहीं बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/राजेश

   

सम्बंधित खबर