लोकसभा चुनाव : झूठे अन्याय पत्र और माेदी गारंटी का दुष्प्रचार करने आईं थीं प्रियंका गांधी : भाजपा

रायपुर, 2 मई (हि.स.)। कोरबा की एक आमसभा में प्रियंका गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा ने सवाल दागते हुए पूछा प्रियंका, कोरबा जिले के खदानों से निकलने वाले काेयला में हुए घोटाले पर भूपेश से कभी सुध ली, कैसे कोयला लेवी के नाम 500 करोड़ का घोटाला हो गया। इस घोटाले में शामिल भूपेश के करीबियों की जमानत क्यों नहीं मिल रही। करोड़ों रुपये की नकदी कैसे मिली, इस सब विषयों पर कोरबा सहित छत्तीसगढ़ की जनता जवाब मांग रही हैं। कहा-प्रियंका जी, आप पूछ भी नहीं सकतीं क्योंकि भूपेश पे एटीएम का आपने खूब इस्तेमाल किया है। लोकसभा चुनाव में अपने झूठे अन्याय पत्र और माेदी गारंटी का दुष्प्रचार करने आईं थीं प्रियंका गांधी।

शिवरतन शर्मा ने गुरुवार को कहा कि भूपेश ने कैसे छत्तीसगढि़या के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला किया। पूरे पांच सिर्फ जनता को लूटने का काम किया कोयला, चावल, डीएमएफ फंड, शराब घोटाला तो किया है साथ शराबबंदी करने और निराश्रित महिलाओं को 500 रुपए पेंशन देने से मुकर गई। कहा कि छत्तीसगढ़ में 18 लाख गरीबों के आवास को भूपेश सरकार द्वारा रोके जाने पर आप क्यों नहीं कुछ बोलीं। जबकि भूपेश के ही मंत्री टीएस सिंहदेव ने तो गरीबों के आवास नहीं मिलने पर इस्तीफा दे दिया था। प्रियंका जी, आपका मोह भूपेश के प्रति ऐसा बना हुआ कि उनके बर्बादी वाले काम को विकास बता रही हैं। 15 साल भाजपा सरकार में जो विकास कार्य हुए थे, उसे भी भूपेश सरकार ने बर्बाद कर दिया था। इसलिए जनता ने भाजपा और मोदी ने नारा दिया हमने ही बनाया है, हम ही संवारेंगे पर विश्वास करते हुए जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है।

शिवरतन शर्मा ने कहा कि आज अपनी दादी की झूठी गुणगान करके कोरबा की जनता को झांसा नहीं दे पाएंगीं। कोरबा की सांसद और उनके पति चरणदास महंत ने कांग्रेस की सरकार में एक भी विकास कार्य नहीं किए हैं, जिसे आप गिना पाएं। इसलिए आप अपनी दादी के नाम पर वोट मांग रही हैं। शायद आपको भी मालूम हो गया है कि जनता द्वारा नाकारे जा चुके भूपेश के नाम पर कांग्रेस को एक वोट भी नसीब नहीं होगा। इसिलए अपनी दादी का नाम ले रही हैं।

शिवरतन शर्मा ने कहा कि पहले भाजपा के संकल्प पत्र को आप भले ही न पढ़ीं हों, लेकिन जनता को मालूम है कि मोदी की गारंटी है ही भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएंगे। कहा कि संविधान और लोकतंत्र विरोधी बातें तो कांग्रेस के अन्याय पत्र में हैं। जनता जानती है कि अगर कांग्रेस की केंद्र में सरकार आई तो वह स्त्री धन, विरासत पर संपत्ति कर तो वसूलेगी। इसके साथ ही जनता को लूटकर देश का मान मर्दन करने का काम करेगी।

शिवरतन शर्मा ने कहा कि आपको जी-20 और पीएम मोदी विदेशी नीतियों से इतनी क्यों जलन हो रही है। देश का मान सम्मान बढ़ने पर कांग्रेस को पीड़ा होती है। क्याेंकि पूववर्ती कांग्रेस की सरकारों ने देश को विदेशी ताकतों के सामने झुका दिया था। लेकिन आज मोदी ने देश का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाया है। आज भारत कांगेस की यूपीए सरकार में 11वीं से पांचवीं अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। प्रियंका जी, मोदी जी की गारंटी है कि 2029 तक भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था और 2047 तक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। इसलिए देश की जनता इस बार पीएम मोदी को 400 पार सीटों के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्पित है।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर