भीषण लू के बीच पश्चिमी उप्र में हल्की बारिश की संभावना

कानपुर, 02 मई (हि.स.)। राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं उत्तर प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान होने के चलते भीषण लू का रुप ले चुकी हैं। हालांकि कभी कभार आसमान में बादलों के आने से कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पांच मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है और बाकी उप्र में इसी तरह लू का प्रकोप बना रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, लगभग 42 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 26 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में है। पूर्वोत्तर असम पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर बांग्लादेश के निचले स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। ट्रफ उत्तर बिहार से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर बांग्लादेश और दक्षिण असम पर चक्रवाती परिसंचरण से गुजरते हुए नागालैंड तक फैला हुआ है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान अधिक रहेगा। इसके साथ ही लू का कहर बना रहेगा, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच मई को हल्की बारिश की संभावना है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 38.6 और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 33 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 17 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 7.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा हवाओं की गति सामान्य से अधिक तेज चलने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर