पाकिस्तान के पूर्व मंत्री कर रहे राहुल की तारीफ, यही इनका असली चेहरा : आदित्यनाथ

संभल, 03 मई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन आईएनडीआईए देशहित का नहीं बल्कि स्वार्थ का गठबंधन है। देश में राहुल गांधी की कोई तारीफ नहीं करता है लेकिन पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी कर रहे हैं। यह इनका असली चेहरा है। यही नहीं देश में जब भी संकट आएगा तो सबसे पहले राहुल इटली भाग जाएंगे। इस दौरान उन्हें भारत और यहां की जनता की याद नहीं आएगी। वहीं जब चुनाव आते हैं तो इन्हें रामलला याद आते हैं और उत्तर प्रदेश आ धमकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को संभल में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल चुनाव शुरू होते ही चुनावी गठबंधन करते हैं और चुनाव खत्म होते ही भाग जाते हैं। यह इनकी फितरत है। यह 5 वर्ष दिखाई नहीं देंगे। भारतीय जनता पार्टी गरीब कल्याण, भारत को आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चुनावी समर में आपके बीच है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में देश का विकास हुआ है। यह सभी जानते हैं। ऐसे में निर्णय आपको लेना है। उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के पक्ष में वोट की अपील भी की।

आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और सपा का इंडी गठबंधन पिछड़ी जाति के आरक्षण को काट करके अल्पसंख्यकों को देनी की बात कहता है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे। धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के विभाजन का आधार बनेगा। यह स्वतंत्र भारत धर्म के आधार पर आरक्षण स्वीकार नहीं कर सकता। वहीं कांग्रेस और सपा देश का फिर से विभाजन चाहती है। वह यह जातीय जनगणना कराकर जातीय समूह में बांटकर और लड़ाकर करना चाहती है। हम आरक्षण में सेंध लगाकर किसी भी दल को ऐसा होने नहीं देंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हर नागरिक, परिवार के लोगों को जाति-मजहब और भाषा से ऊपर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यही वजह है कि देश की जनता एक स्वर में एक बार फिर से माेदी सरकार का नारा लगा रही है। वह मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है।

आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थीं। देश में आतंकवाद और नक्सलवाद सर चढ़कर बोल रहा था। इतना ही नहीं देश में विकास कार्य ठप थे और भ्रष्टाचार चरम पर था। देश की गरीब जनता को सुविधाएं नहीं मिल रही थीं। वहीं 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है। ऐसे में भारत के विकास को नया स्वरूप देने के लिए मोदी के नेतृत्व में सरकार बननी चाहिए। योगी ने कहा कि संभल से निकलने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे यहां की अर्थव्यवस्था को कई गुना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह यहां की इकोनॉमी की बैकबोन बनेगा। इसके जरिये 5 घंटे में प्रयागराज और साढ़े चार घंटे में लखनऊ पहुंचा जा सकेगा।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश की मंत्री गुलाब देवी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप/पवन

   

सम्बंधित खबर