नगरपालिका टैक्स कलेक्टर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

जोरहाट (असम) 09 मई (हि.स.)। जोरहाट नगरपालिका में बड़े पैमाने पर वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। नागरिकों से वसूले गए लाखों रुपये का गबन कर एक टैक्स कलेक्टर फरार हो गया।

रंजन राजखोवा नामक आरोपित टैक्स कलेक्टर 2021 से अबतक एकत्र किए गए लाखों रुपये नगरपालिका में जमा नहीं कराये। शहर के वार्ड नंबर 15 के टैक्स कलेक्टर ने करीब 90 रसीदों के जरिए संग्रहित राशि नगरपालिका में जमा नहीं कराया।

यह घोटाला तब सामने आया, जब एक बिजनेस फर्म का हाल ही में एक ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया गया। नियमित रूप से टैक्स देकर रसीद लेने वाले इस फर्म की टैक्स अदायगी की जानकारी नगर निगम के कंप्यूटर में दर्ज नहीं की गई थी।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि 10 लाख रुपए से ज्यादा राशि के टैक्स का गबन हुआ है। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि कितने लोगों के टैक्स का आंकड़ा कंप्यूटर में दर्ज नहीं किया गया है। इसके बाद जोरहाट नगरपालिका की ओर से कर संग्रहकर्ता रंजन राजखोवा के खिलाफ जोरहाट सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्राथमिकी में अनेक लोगों द्वारा टैक्स का कंप्यूटर में एंट्री नहीं कराये जाने का आरोप लगाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/किशोर /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर