रांची में तेज हवा के साथ भारी बारिश, विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

रांची, 9 मई (हि.स.)। राजधानी रांची और आस-पास के क्षेत्रों में गुरुवार दोपहर के बाद मौसम सुहाना हो गया। शहर के कई क्षेत्रों में तेज हवा और गर्जना के साथ जोरदार बारिश हुई।

रांची से कुछ किलोमीटर दूर स्थित बीआईटी मेसरा और उसके आस-पास में भारी बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे रांची के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बारिश होने के कारण राजधानी के तापमान में गिरावट आयी है। पिछले दो दिनों से राजधानी समेत आस पास के हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई है। पाकुड़, दुमका, साहेबगंज, गोड्डा समेत अन्य जिलों में भी सुबह से बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राज्यवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। केंद्र के अनुसार दस मई को राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्से के लिए जारी किया गया है, जिसमें पूर्वी और पश्चिमी सिहंभूम, रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़ में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज रफ्तार से हवा चलने की जानकारी दी गयी है, जिसकी रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। 11 और 12 मई को राज्य बारिश के साथ तेज हवा चलने की जानकारी दी गयी है। बारिश होने से राज्य के तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/दधिबल

   

सम्बंधित खबर