झामुमो ने लोहरदगा में निकाला न्याय मार्च

लोहरदगा, 15 फरवरी (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा केन्द्रीय कमेटी के निर्देश पर झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में गुरुवार को लोहरदगा जिले में न्याय मार्च निकला। झामुमो कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन की जल्द रिहाई के लिए सामूहिक पूजा-प्रार्थना के साथ न्याय मार्च की शुरुआत की।

जिलाध्यक्ष अहमद ने कहा कि न्याय मार्च से भाजपा का सफाया होगा। जिस तरह से एक सीधे-साधे आंदोलनकारी के बेटे को साजिश के तहत सत्ता हासिल करने के लिए झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई, झारखंड की सभी जनता समझ रही है, इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। साथ ही कहा कि जिस तरह से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड को संवारने में लगे थे और जिस तरह से यहां विकास की धारा बह रहे थे, यही बात भाजपा वालों को नहीं पच रही थी।

उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने की लालच में केंद्र सरकार की केंद्रीय एजेंसियों को दुरुपयोग कर लोकप्रिय नेता हेमंत सोरेन को बदनाम कर जेल भेजने का काम किया है लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार को ये पता नहीं कि झारखंड वासियों के दिलों में हेमंत सोरेन बसते हैं। अहमद ने कहा कि 18 फरवरी को लोहरदगा जिला समिति रांची जाकर बहुत जल्द एक दिनी भूख हड़ताल करेगी।

महिला नेता राधा तिर्की ने कहा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री को जेल भेजकर भाजपा आदिवासी के साथ शोषण करने का काम कर रही है। आने वाले 2024 के चुनाव में भाजपा का सफाया होगा। न्याय मार्च में इसको लेकर हमलोग एक-एक घर जाकर लोगों से मिलेंगे ओर भाजपा का घिनौना चरित्र के बारे में बताएंगे।

इस मौके पर बडी संख्या में लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोपी

/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर