संदेशखाली कांड आजादी के बाद बंगाल को बदनाम करने की सबसे बड़ी साजिश : अभिषेक

दक्षिण 24 परगना, 10 मई (हि.स.)। संदेशखाली कांड आजादी के बाद बंगाल को बदनाम करने की सबसे बड़ी साजिश है। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर भाजपा को कुछ इसी अंदाज में हमला बोला।

अभिषेक बनर्जी शुक्रवार को तृणमूल के डायमंड हार्बर लोकसभा उम्मीदवार के रूप में नामांकन करने गए थे। नामांकन दाखिल करने के बाद बाहर आते ही वह पत्रकारों से मुखातिब हुए और संदेशखाली मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोला। अभिषेक ने कहा, ''हमने गोधरा के बारे में सुना, हमने पुलवामा के बारे में सुना, हमने संदेशखाली देखी। सुनना एक बात है, देखना दूसरी बात है। संदेशखाली से जिस तरह से बंगाल को कलुषित किया गया है, ये भारत की आजादी के बाद पश्चिम बंगाल को बदनाम करने की सबसे बड़ी साजिश है।''

साथ ही उन्होंने पुलवामा में सेना के जवानों पर हुए आतंकी हमले पर टिप्पणी करते हुए कहा, भाजपा ने अपने हित साधने के लिए पुलवामा किया। ये हम नहीं कह रहे, सत्यपाल मलिक ने कहा, जिन्हें भाजपा ने राज्यपाल बनाया था।''

तृणमूल बार-बार दावा कर रही है कि संदेशखाली की महिलाओं पर दुष्कर्म का गलत आरोप लगाया गया है। हाल ही में एक वीडियो सामने आया जिसमें एक महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ जबरदस्ती किया गया (हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि हिन्दुस्थान समाचार द्वारा नहीं की गई है)।

अभिषेक ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि मैंने भाजपा के प्रधानमंत्री से विकास पर श्वेत पत्र मांगा। उन्होंने श्वेत पत्र सही दिया। लेकिन उस श्वेत पत्र में संदेशखाली की महिलाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और उन पर बलात्कार का झूठा आरोप लगाया गया।

भाजपा पर हमले के साथ-साथ अपनी जीत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''मैं वोटों के लिए लड़ रहा हूं। मैं कोई गणितज्ञ नहीं हूं जो बता दूं कि मैं कितने वोटों से जीतूंगा। लेकिन जो लोग काम करते हैं लोग उन्हें खाली हाथ नहीं लौटाते।'' हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर