ब्राह्मण रत्न सम्मान समारोह 12 मई को: ब्राह्मण समाज की विभूतियों का होगा सम्मान

जयपुर , 11 मई (हि.स.)। सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा 12 मई को प्रातः 10 बजे प्रदेशस्तरीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह के समापन अवसर पर एमआई रोड स्थित चैम्बर भवन में ’’ब्राह्मण रत्न’’ सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा।

जिला अध्यक्ष बाबूलाल शर्मा ने बताया है कि पिछले 32 वर्षो से सर्व ब्राह्मण महासभा, ब्राह्मण समाज की लब्ध प्रतिष्ठित प्रतिभाओं को ’’ब्राह्मण रत्न’’ के अलंकरण से विभूषित कर रही है। इसमें पुलिस सेवा, प्रशासनिक सेवा, पत्रकारिता, विधि, कला, एवं समाज सेवा के क्षेत्रों की उपलब्धि प्राप्त प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाता है।

जयपुर शहर अध्यक्ष अनिल सारस्वत ने बताया है कि समारोह के मुख्य अतिथि जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा और भाजपा सांसद प्रत्याशी मंजू शर्मा, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी, आमेर विधायक प्रशांत शर्मा एवं चौमू के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा होगें। अध्यक्षता सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा करेगें। सारस्वत ने बताया है कि पिछले 15 दिवसीय से पूरे प्रदेश में परशुराम जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा है। समापन समारोह में ब्राह्मण प्रतिभाओं को ब्राह्मण रत्न के अलंकरण से विभूषित किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर