राज्यपाल भगवान परशुराम की शोभायात्रा में सम्मिलित हुए

जयपुर, 11 मई (हि.स.)। राज्यपाल कलराज मिश्र ने शनिवार को शस्त्र और शास्त्र के ज्ञाता चिंरजीवी भगवान श्री परशुराम की शोभायात्रा में भाग लिया।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित परशुराम की शोभायात्रा में सम्मिलित होते हुए। उन्होंने बड़ी चौपड़ पर भगवान की महाआरती की। उन्होंने इस दौरान कहा कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्म के समय राम नाम रखा गया। महादेव ने जब उन्हें परशु नामक शस्त्र दिया, तो वह परशुराम हो गए। उन्होंने कहा कि न्याय के देवता परशुराम जी साहस और आत्मबल देने वाले चिरंजीवी हैं। वह शस्त्र और शास्त्र की भारतीय संस्कृति के संवाहक है।

धीरेन्द्र शास्त्री की हनुमत कथा के लिए दिया राज्यपाल को आमंत्रण

हनुमान ग्राम सेवा समिति के तत्वावधान में निवारू रोड के लालचंदपुरा गांव में जेडीए स्कीम स्थल पर 29 मई से 1 जून तक आयोजित होने वाले बागेश्वर धाम सरकार के चार दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।

स्वामी सौरभ राघवेंद्राचार्य, कार्यक्रम आयोजक सीताराम यादव ने शनिवार को राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र को आमंत्रण दिया। इस दौरान प्रिया शरण महाराज, अभिषेक खंडेलवाल, तरुण प्रताप सिंह चौहान, मुकेश साहीवाल, सौरभ प्रजापत मौजूद रहे।

मुख्य आयोजक सीताराम यादव ने बताया कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को तीन दिवसीय हनुमंत कथा सुनाएंगे। तीनों दिन दिव्य दरबार भी सजेगा। रघुनाथ धाम के पीठाधीश्वर स्वामी सौरभ राघवेन्द्राचार्य के सान्निध्य में भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक राजेन्द्र खंडेलवाल ने बताया कि भूमि पूजन के साथ 108 कुंडीय यज्ञशाला बनाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। कुशा से यज्ञशाला का निर्माण किया जाएगा। महायज्ञ में पीपल, आम, खेजड़ा और चंदन की समिधा का उपयोग किया जाएगा। यज्ञशाला में प्रवेश करने के लिए भारतीय वेशभूषा में होना अनिवार्य है। आयोजन की कड़ी में 29 मई को सुबह 8 बजे कलशयात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए कूपन वितरण किए जा रहे हैं। महिलाओं में कलश यात्रा को लेकर भारी उत्साह है। कलशयात्रा पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं के जुटने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर