कांग्रेस के पास गिनाने के लिए कोई काम नहीं: स्वतंत्रदेव सिंह

ललितपुर,11 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने शनिवार कहा कि कांग्रेस के पास ना तो श्री राम हैं और ना ही गिनाने के लिए कोई काम है। श्री सिंह ने कहा कि कॉंग्रेस और उनकें इंडी गठबंधन के ज्यादातर नेता या तो जेल मे हैं या बेल पर हैं। कांग्रेस के पास गिनाने को एक ऐसा काम नहीं है जो उन्होंने लोगों की भलाई के लिए किया हो। स्वतंत्रदेव सिंह ललितपुर के मेहरौनी से लोकसभा प्रत्याशी अनुराग शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के अंदर इतनी भी शर्म नहीं है कि कम से कम मंदिर के बनने के बाद अयोध्या जाकर श्रीराम से माफ़ी माँग लें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राम मंदिर और धारा 370 पर जो कहा वो किया। आज अयोध्या में गगनचुंबी मंदिर अपनी भव्यता की गाथा गा रहा है। आपको अच्छी तरह याद होगा कैसे कांग्रेस में राम मंदिर की राह में सालों-साल सिर्फ़ रोड़े अटकाए। देश की आस्था के प्रतीक प्रभु श्री राम को सुप्रीम कोर्ट में जाकर काल्पनिक बताया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जल शक्ति मंत्री ने कहा कि मोदी जी अगर तीसरी बार पाँच साल माँग रहे हैं तो वह बीते दस सालों में किए गए काम के आधार पर माँग रहे हैं। हर घर बिजली, हर घर नल से जल, राम मंदिर, धारा 370 की समाप्ति, देश भर में हाईवे का जाल बिछाना, दुनिया भर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाना, ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां मोदी के नेतृत्व में देश ने प्रगति न की हो।

श्री सिंह ने कहा कि बूथ तक जाने में आलस नहीं करना है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों से कहा कि एक भी वोटर छूटना नहीं चाहिए। सबको बूथ तक पहुँचाने की ज़िम्मेदारी हम कार्यकर्ताओं की है। बूथ तक जाना है और इवीएम पर कमल के निशान पर वोट देकर भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करनी है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर