कड़ी सुरक्षा के बीच पोलिंग पार्टियां हुई रवाना, पुलिस प्रशासन मुस्तैद

कानपुर देहात, 12 मई (हि.स.)। जनपद में चौथे चरण के मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के एक दिन पहले रविवार को सभी पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थलों के लिए भी रवाना कर दी गई हैं।

कानपुर देहात के मतदाता तीन लोकसभा सीटों की तीन विधानसभा क्षेत्रों पर सांसद का चुनाव कर संसद पहुंचा कर देश की सरकार चुनने का काम करने वाली हैं। कानपुर देहात की तीन विधानसभाओं में अकबरपुर-रनियां, रसूलाबाद और सिकंदरा विधानसभा में चौथे चरण का मतदान सोमवार को होगा, जिसको लेकर रविवार को 1292 पोलिंग पार्टियां को जरूरी कार्य के बाद रवाना कर दिया गया।

इस बार कानपुर देहात की रसूलाबाद विधानसभा जो कन्नौज लोकसभा को जोड़ती है, का चुनाव बेहद दिलचस्प है। यूपी ही नहीं देश की नजरें कन्नौज लोकसभा सीट पर टिकी है। वजह भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के सामने गठबंधन प्रत्याशी के रूप में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैदान में हैं। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों के नामांकन के बाद से ही यहां एक दूसरे पर बयानों के तीर भी चलते नजर आ रहे हैं। जिला प्रशासन ने 884 मतदान केंद्र और मतदान स्थल 1173 बनाए हैं, जिनको लेकर आज कलेक्ट्रेट परिसर से 1292 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई।

इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सभी पुलिस पार्टियों को उनके कार्यों की जानकारी के साथ सभी मतदेय स्थलों पर भेज दिया गया है। सभी मतदेय स्थलों पर कड़ी सुरक्षा भी रहने वाली है। जो भी बूथ संवेदनशील हैं उन्हें मुख्य रूप से देखा जा रहा है। किसी भी तरह की कोई अफवाह फैलाएगा तो उस पर भी कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अवनीश/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर