अस्थियां शरीर को संरचना प्रदान करने में महत्वपूर्ण : डॉ निमिष अग्रवाल

प्रयागराज, 13 मई (हि.स.)। अस्थियां शरीर को संरचना प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। शरीर के विभिन्न अंगों की रक्षा करना, मांसपेशियों को ठीक करना और कैल्शियम का भंडारण करना अस्थियों के अन्य प्रमुख कार्य हैं।

उक्त विचार वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ निमिष अग्रवाल ने इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित व्याख्यान में बतौर मुख्य वक्ता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग 30 साल के आसपास अपने चरम अस्थि द्रव्यमान तक पहुंचते हैं। 45 वर्ष की उम्र के बाद अस्थि क्षरण या ऑस्टियो पोरोसिस से बचाव लिए हड्डियों की विशेष देखभाल जरूरी होती है। हमें आहार और शरीर में कैल्शियम की मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शारीरिक व्यायाम नियमित रूप से करना अनिवार्य है। शरीर में कैल्शियम के अवशोषण के लिए विटामिन डी आवश्यक है।

डॉ निमिष अग्रवाल ने बताया कि कैल्शियम का सेवन प्रति दिन 1000 मिलीग्राम से 1200 मिलीग्राम होना चाहिए। कैल्शियम के प्रभावी अवशोषण के लिए शरीर को विटामिन डी की भी आवश्यकता होती है। नियमित रूप से व्यायाम अनिवार्य है। शराब एवं तम्बाकू का सेवन बहुत अधिक हानिकारक है। प्रश्नोत्तर सत्र में डॉ निमिष अग्रवाल ने सदस्यों की समस्याओं का समाधान किया और मिथ्या धारणा दूर की।

इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि प्रकाश ने डॉ निमिष अग्रवाल को स्मृति चिह्न भेंट किया और पी.आर.ओ डॉ. शान्ति चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य जी.के. खरे, डी.यू गुप्ता, ओ.पी गोयल, राजीव महेश्वरी, राकेश अग्रवाल, अपूर्व आगा, आलोक शाह समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/मोहित

   

सम्बंधित खबर