विश्व में आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा भारत : राम माधव

भीड़

-आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य राम माधव ने रखे विचार, शत प्रतिशत मतदान के लिए किया प्रेरित

प्रयागराज, 14 मई (हि.स.)। लोक जागरण मंच की ओर से मंगलवार को बिशप जॉनसन स्कूल सिविल लाइन्स में प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुप्रसिद्ध लेखक और चिंतक राम माधव ने कहा कि आज भारत विश्व का बड़ा लोकतंत्र ही नहीं सबसे सफल लोकतंत्र है। भारत विश्व में आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा।

राम माधव ने कहा कि हम भारत के लोग उत्सव प्रिय हैं, हर चीज में उत्सव मनाते हैं। कभी-कभी मन में किसी भ्रम की स्थिति आ जाती है। हम चुनाव के समय की गर्मी के बीच मतदान नहीं करते। हम राष्ट्र भावना, विकास भावना के बीच में मतदान करते हैं। विपक्ष का स्वभाव होता है विषयों को बोलकर अलग अलग दिशा में घुमा कर मतों को प्राप्त करना। लेकिन हम उन सब चीजों से चुनावी गर्मी से बाहर निकलकर राष्ट्रीय भावना और विकास भावना के साथ मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान के अपने अधिकार का प्रयोग कर हमें ऐसे राजा को लाना है जो देश को ऊंचाई पर ले जाए, विकास के रास्ते पर ले जाए, शिखर पर ले जाए। यह लोकतंत्र और हमारे संविधान की देन है। उन्होंने कहा कि संविधान इतना विचार करके बनाया गया कि इससे अच्छा संविधान किसी के पास नहीं है। साथ में राजनीतिक संस्कृति का अनुभव हुआ जवाबदेही पर ही राजनीति चलेगी। यह बहुत बड़ा परिवर्तन है।

संघ अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य राम माधव ने आगे कहा कि पहली बार अनुभव में आ रहा है कि विकास में भी हिस्सेदारी युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ी है। सरकार का प्रयास है कि आप केवल अधिकार प्राप्त कर्ता ही न बने, भागीदार भी बने। स्टेक होल्डर भी बनें और विगत दस वर्षों में इसका प्रमाण मिला है। दस वर्षों में कोई भ्रष्टाचार नहीं सुना। इस नाते ही गरीबों को उनका पूरा अधिकार मिल रहा है। आर्थिक स्वच्छता लाई गई। इनकम टैक्स को फेसलेस बनाने से लोगों में भरोसा पैदा हुआ और भरोसा गहरा हुआ। अर्थव्यवस्था मजबूत होने से हमारे रेलवे हाईवे हर जगह इंफ्रास्ट्रक्चर का जाल मजबूत हुआ। काशी एवं अयोध्या का विकास हर तरफ नई संस्कृति का परिचायक है। वहीं हमारी सुरक्षा व्यवस्था भी बदली है। विदेशी समझने लगे हैं कि दिल्ली अब पहले जैसे नहीं रही। आज देश का हर व्यक्ति सुरक्षित महसूस कर रहा है।

राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहला भाषण जब लाल किले से दिया कि केवल महिलाओं के प्रति ही हमारी जिम्मेदारी न रहे हम अपने बच्चों के प्रति भी जिम्मेदार हो। आज आत्मविश्वास की भावना से हमारा देश विकसित हो रहा है। हमें विदेश में भी सम्मान मिल रहा है। हमारा सभी देशों से सम्बंध है, लेकिन अपनी शर्तों पर अपनी व्यवस्था से हमारा आज, हमारा देश नए विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और विकास के पथ पर चौथे स्थान आ गए हैं। लोकतंत्र के प्रति विश्वास जगाने वाला देश बनेंगे। विपक्ष को जिताने की चिंता सत्ता में लाने की चिंता हम नहीं करेंगे। हमारे जीवन में खुशहाली तभी आएगी, विकसित भारत तभी बनेगा जब हम अपने मतदान का प्रयोग राष्ट्रीय हितों में विकास के लिए सोचकर करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने कहा कि संविधान में महिला और पुरुष दोनों को मतदान के समान अधिकार प्राप्त हैं। हमें अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए शत प्रतिशत मतदान करना है। कभी यह देश 2047 में विकसित भारत बन पाएगा। आज यह समय की मांग है और यह निर्णायक समय है कि विकसित भारत के लिए हम अपना शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। यही समय है, सही समय है। 2050 तक युवाओं की संख्या स्थिर हो जायेगी। अतः उनका सदुपयोग अभी करना है।

विषय प्रवर्तन उच्च न्यायालय में उप्र सरकार के पूर्व अपर महाधिवक्ता शिवकुमार पाल एवं मंच का संचालन उच्च न्यायालय इलाहाबाद में उप्र सरकार के मुख्य स्थाई अधिवक्ता चतुर्थ शीतल कुमार गौड़ शीतल ने किया।

इस अवसर पर प्रांत प्रचारक काशी प्रांत रमेश, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख सुभाष, विभाग प्रचारक आदित्य, जिला प्रचारक आकाश, अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल, महेश चंद्र चतुर्वेदी अशोक मेहता, अजीत सिंह मुख्य स्थाई अधिवक्ता तृतीय मनोज कुमार सिंह, आलोक त्रिपाठी, विजय शंकर मिश्रा, हाइकोर्ट बार के पूर्व अध्यक्ष राकेश पांडेय बबुआ, पूर्व महासचिव सत्यधीर सिंह जादौन, अधिवक्ता अखिलेश शर्मा, डॉ अवधेश चन्द्र श्रीवास्तव, देशदीपक श्रीवास्तव समेत लगभग तीन हजार से अधिक प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्याकान्त

   

सम्बंधित खबर