उप्र में थार मरुस्थल से आ रही गर्म हवाएं, हीट वेब की संभावना

कानपुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सूर्यदेव इस कदर लोगों को तपा रहे हैं कि तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री अधिक चल रहा है। इसके साथ पछुआ हवाओं के चलने से थार मरुस्थल से गंगा के मैदानी इलाकों पर बराबर गर्म हवाएं आ रही हैं। इससे हीट वेब की संभावना बढ़ गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 22 मई तक उत्तर प्रदेश में किसी प्रकार की मौसमी हलचल नहीं दिख रही है और भीषण गर्मी लोगों को परेशान करती रही। वहीं अगले चौबीस घंटे में उत्तर प्रदेश के बुन्देलखण्ड में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है और तेज हवाओं के चलने से लू का प्रकोप भी बढ़ेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि कोमोरिन क्षेत्र और निकटवर्ती दक्षिण तमिलनाडु तट पर समुद्र तल से 1.5 से 4.5 किलोमीटर ऊपर एक परिसंचरण बना हुआ है। कोमोरिन क्षेत्र और इससे सटे दक्षिण तमिलनाडु तट पर चक्रवाती परिसंचरण से लक्षद्वीप तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। पूर्वी राजस्थान के मध्य भागों और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।दक्षिणी बांग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की उम्मीद है। मौसम की इन गतिविधियों से फिलहाल उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। थार मरुस्थल से आ रही गर्म हवाएं उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक के गंगा के मैदानी इलाकों पर भीषण गर्मी बनी रहेगी। इसके साथ ही आर्द्रता कम होने से हीट वेब की संभावना बनी हुई है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 34 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 17 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही दिन के तापमान में सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने के आसार है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर