बीकानेर के नृसिंह मंदिरों में विशेष सजावट

बीकानेर, 20 मई (हि.स.)। नृसिंह जयंती का पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। नृसिंह भगवान का पंचामृत से अभिषेक होगा। पूजन और शृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर हरिणकश्यप वध लीला साकार होगी। इसमें प्रतीकात्मक रूप से भगवान नृसिंह हरिणकश्यप का वध कर कर भक्त प्रहलाद को बचाएंगे। इसके लिए कई मोहल्लों में मेले भरेंगे।

शहर के लालाणी व्यासों के चौक में 1975 से भगवान नृसिंह अवतार लीला का मेला भर रहा है, इस साल 50 साल पूर्ण होने जा रहे है। इसके उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह में मेले के संस्थापक मास्टर रूप नारायण पुरोहित को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।

इन मेला कमेटियों को विधिवत आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी, गायत्री मंदिर के अधिष्ठाता जुगल किशोर ओझा उर्फ पुजारी बाबा व भगवताचार्य डॉ.गोपाल नारायण व्यास सहित कई संतों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को लेकर लालाणी व्यासों का चौक स्थित नृसिंह मंदिर में विशेष सजावट की जा रही है और पूरे चौक को आकर्षक रंगीन लाइटों से सजाया जा रहा है।

मंगलवार को कई स्थानों पर मेले भरेंगे। डागा चौक स्थित श्री नृसिंह भगवान के मंदिर में प्राकट्य दिवस उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर पुजारी मनोज पांडिया के अनुसार मंगलवार को दोपहर 12:00 बजे पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद नृसिंह भगवान का नव वस्त्र (पोशाक) और मोगरा पुष्प से अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही भगवान के फल्हारी का भोग लगाया जाएगा।

शाम 6:00 बजे से सूर्यास्त तक प्रभु की अवतार लीला का कार्यक्रम होगा। इसमें शाम 7:35 बजे भगवान नृसिंह अधर्मी हिरण्यकश्यप का प्रतीकात्मक रूप में वध करेंगे। इस लीला को देखने के लिए पूरा शहर डागा चौक में उमड़ पड़ेगा। अवतार के बाद में पंचामृत प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

नत्थूसर गेट बाहर स्थित नृसिंह भैरव मंदिर में अवतार लीला का मेला होगा। आजाद मंडल के तत्वावधान में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। मंडल अध्यक्ष, मंदिर संरक्षक कोलकाता प्रवासी जेठमल रंगा ने बताया कि सुबह 10 बजे से भगवान सालिगराम का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद पूजन और शृंगार किया जाएगा। पंचामृत का वितरण किया जाएगा। शाम को मेला भरेगा। आयोजन में शरिक होने के लिए जेठमल रंगा कोलकाता से बीकानेर आए हैं। रविवार रात को मेले को लेकर आजाद मंडल के सदस्यों की बैठक हुई। इसके अलावा लखोटिया चौक में मेला भरेगा। साथ ही दुजारियों की गली, फरसोलाई, दम्माणी चौक सहित स्थानों पर मेले भरेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर