नासिक में ईवीएम की पूजा करने पर शांतिगिरी महाराज और उनके 4 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

मुंबई, 20 मई (हि.स.)। नासिक संसदीय क्षेत्र के निर्दलीय उम्मीदवार शांतिगिरी महाराज और उनके चार कार्यकर्ताओं के खिलाफ ईवीएम की पूजा करने और मतदान केंद्र पर पर्चा बांटने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन शांतिगिरी महाराज अब तक पकड़ में नहीं आ सके हैं।

नासिक लोकसभा क्षेत्र में सोमवार को लोकसभा के 5वें चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था। इसके बाद इसी क्षेत्र के निर्दलीय उम्मीदवार शांतिगिरी महाराज कार्यकर्ताओं सहित मतदान केंद्र पर पहुंचे और ईवीएम को हार पहनाकर उसकी पूजा की। इसके बाद मतदान केंद्र पर ही महाराज ने अपने बाल्टी चुनाव चिन्ह और पर्चे का वितरण किया।

इस मामले की चुनाव आयोग ने वीडियोग्राफी की और शांतिगिरी महाराज के चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। इसके बाद अंबड पुलिस स्टेशन ने चुनाव अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज करके चारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आज चुनाव खत्म होने के बाद शांतिगिरी महाराज को गिरफ्तार कर सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/सुनीत

   

सम्बंधित खबर