उप्र में न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों की उड़ी रातों की नींद

-बिजली की भी बढ़ी समस्या, फाल्ट भी कर रहे परेशान

कानपुर, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में बराबर बदलाव देखा जा रहा है। थार मरुस्थल से आ रही गर्म हवाओं से गंगा के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन में अधिकतम तापमान जहां सामान्य से अधिक चल रहे हैं तो वहीं रात का तापमान छह डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। ऐसे में लोगों की रात की नींद गायब हो गई और बिजली की कटौती अलग समस्या बन गई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि पछुआ हवाओं के चलने से राजस्थान के थार मरुस्थल से गर्म हवाएं उत्तर प्रदेश के गंगा के मैदानी इलाकों में बराबर प्रवेश कर रही हैं। एक तरफ जहां सूरज की तपिश से दिन का तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ रात का तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक पहुंच गया। ऐसे में लोगों को न दिन में राहत मिल रही है और न ही रात में। बिजली की कटौती व फाल्टों से लोग अधिक परेशान हो रहे हैं। आगामी पांच दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा और आसमान में बीच बीच में बादल भी आ सकते हैं लेकिन भीषण गर्मी से राहत मिलते नहीं दिख रही है। इसके साथ ही बुन्देलखण्ड और कौशांबी जनपद में मेघगर्जन व आकाशीय बिजली की संभावना है। तेज हवाएं लू के प्रकोप को बढ़ाएंगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 43.8 और न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 59 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 21 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं हैं। दिन के तापमान में सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर