राज्य में गुंडे अपराधी बेलगाम हो गये हैं : कांग्रेस

रायपुर, 23 मई (हि.स.)। राजधानी में एक पिता-पुत्र को छह अपराधियों द्वारा दौड़ा-दौड़ाकर पीटने की घटना राज्य के कानून व्यवस्था का आइना है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि जबसे राज्य में भाजपा की सरकार बनी है, नागरिकों को भय के माहौल जीवन जीना पड़ रहा है। अपराधी बेलगाम हो गये हैं।

उन्होंने कहा कि साय सरकार के राज में महिलाओं के प्रति अपराधों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गयी है। मासूम बच्चियों के साथ घृणित दुराचार की घटनायें बढ़ गयी। रोज समाचारों में प्रदेश भर में तीन से चार मासूम अबोध बच्चियों के साथ तथा सामूहिक दुराचार की घटनाओं की खबरें सामने आ रही। पांच माह में प्रदेश में 46 से अधिक हत्याओं की घटना हो गयी है। राजधानी रायपुर में तीन गोलीकांड हो गया, लूट, चाकूबाजी, चैन स्नेचिंग तो रायपुर की पहचान बन गया है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा राज के पांच महीने में ही छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है। भाजपा राज में अपराधी बेलगाम हो गये। प्रदेश में आम आदमी का जीवन सुरक्षित नहीं है। दुर्ग में 16 वर्ष की एक मासूम बच्ची के गले में ब्लेड मार कर हत्या की कोशिश किया गया। पांच माह में राजधानी में सरेआम गोलीबारी की तीन घटनायें हो गयी। राजिम में एक 10 वर्षीय नाबालिक बच्ची के साथ इसी हफ्ते बालोद जिले में 2 वर्षीय बच्ची के साथ, अंबिकापुर जिले में नाबालिक बच्ची के साथ बलात्कार की घटना घटती है। गृहमंत्री के गृह क्षेत्र कवर्धा में सरेआम हत्या हो गयी। ऐसी ही घटना पर सांप्रदायिकता का जहर घोलने वाले भाजपाई इस घटना पर मौन हो गये हैं।

राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश के सभी शहरो में लगातार हत्या, लूट, चाकूबाजी की घटनायें बढ़ गयी है। राजधानी में सरे आम चाकू मारकर युवक की हत्या कर दी गयी। एक दूसरी घटना में राजधानी में ही अपराधियों ने दौड़ा-दौड़ा कर युवक की हत्या कर दिया। जोरा में एक व्यक्ति को गोली मार दी गयी। कांकेर के पखांजूर में भाजपा नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हर शहर में चाकूबाजी, लूट की वारदाते आम हो गयी है। सरकार बदलते ही ऐसा लगने लगा है जैसे कानून का राज समाप्त हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल/केशव

   

सम्बंधित खबर