जींद : अनुबंधित बिजली कर्मियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

जींद, 4 जुलाई (हि.स.)। वीरवार को लघु सचिवालय में अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित भारतीय मजदूर संघ ने प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर अधीक्षक अभियंता व उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबांधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष लोकेश भ्याण ने किया व मंच सचालन जिला सचिव महेंद्र शर्मा ने किया।

प्रदेश सचिव सुभाष शर्मा, जिला मंत्री विनोद शर्मा, राजगुरु वशिष्ठ ने प्रदर्शन से पहले अनुबंधित विद्युत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज बिजली विभाग का सारा बोझ अनुबंधित कर्मचारीयों के कंधे पर है। प्रदेश में किसी भी समय बाढ़, करोना काल, भीष्ण गर्मी, सर्दी में भी बिजली सेवा सुचारु रूप से चले, इसलिए कार्य करते हुए अभी तक पूरे प्रदेश में दर्जनों अनुबंधित कर्मचारी अपनी जान गवां चुके हैं। सैंकड़ों कर्मचारियों के अंग भंग हो चुके हैं। अपनी जान पर खेल कर काम करने वाले अनुबंधित कर्मचारियों को सरकार एवं विभाग की तरफ से बहुत कम वेतन और नाममात्र सुविधा मिलती है। जिससे संगठन में भारी रोष है।

उन्होंने कहा कि संगठन कि मुख्य मांग है कि सरकार द्वारा रेग्यूलर पॉलिसी बनाई जाए, जिसमें विद्युत विभाग के सभी कर्मचारियों को शामिल किया जाए। इसके साथ-साथ कैशलेस मेडिकल पॉलिसी, रिस्क अलाउंस, ग्रेच्युटी, एलटीसी और बोनस के अलावा खेदड़, मुनानगर थर्मल में कार्यरत कर्मचारी जिनको लेकर 12 जून 2023 को जो समझौता मैनेजमेंट के साथ हुआ था उसे लागू करने एवं अन्य मांगे शामिल हैं। इस मौके पर मोती मोर, राजगुरु वशिष्ठ, शैलेंद्र नायडू, योगेश शर्मा, बिल्लू दहिया, सागर, राकेश मलिक, जितेंद्र भारद्वाज, मोनू शर्मा, पवन धीमान सहित अनेक कर्मचारी नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव

   

सम्बंधित खबर