उप्र में नौतपा का दिखने लगा असर, कानपुर में तापमान 41 के पार

कानपुर, 25 मई (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से जहां बीते दिनों तापमान 40 के नीचे चल रहा था तो वहीं शनिवार को तापमान सामान्य से अधिक हो गया। कानपुर में भी बढ़ोत्तरी हुई और 41 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। इस प्रकार उत्तर प्रदेश में नौतपा का असर साफ दिखने लगा और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि आज से नौतपा शुरु हो गये हैं और दो जून तक चलेंगे। इससे तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है और उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से आई नमी का भी असर बना हुआ है जिससे बीच बीच में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। अभी आगामी पांच दिनों तक लोगों को भीषण उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है और न ही इस दौरान कोई ऐसी मौसमी गतिविधियां प्रभावित करेंगी।

इस दौरान पछुआ हवाओं के चलने से वातावरण में बनी नमी कमजोर पड़ जाएगी और हीट वेब की स्थिति बन सकती है। वहीं देशभर में बनी मौसमी गतिविधियों को लेकर बताया कि 25 मई की सुबह तक पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान की आशंका है। इसके बाद यह उत्तर की ओर बढ़ेगा और 26 मई की शाम तक एक भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में बांग्लादेश और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल तट के पास पहुंचेगा। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 41.6 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 59 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 36 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर