विस चुनाव में 100 से अधिक सीटें जीतेंगे: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

गुवाहाटी (असम), 05 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने दावा किया है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 100 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि असम में भाजपा की सीटें लगातार बढ़ रही हैं। पहली बार बरपेटा सीट भाजपा गठबंधन को मिली है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक उत्साहित हो रही कांग्रेस पार्टी को यह नहीं भूलना चाहिए कि 10 वर्ष देश में शासन करने के बाद 2014 में कांग्रेस की क्या हालत हुई थी। लेकिन, वहीं 10 वर्षों तक केंद्र में भाजपा की सरकार रहने के बावजूद भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बहुमत से अधिक सीटें ही मिली है।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मौलाना बदरुद्दीन अजमल का चुनाव हारना तय था। लेकिन, वहां की जनसंख्या ही ऐसी है कि अजमल के बदले उनके संप्रदाय के दूसरे उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धुबड़ी सीट जीतने की कभी उम्मीद भी नहीं की थी। यह चुनाव परिणाम बिल्कुल ही प्रत्याशित है।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि काजीरंगा सीट भाजपा ने पहली बार जीता है। वहीं, जोरहाट सीट पर भाजपा उम्मीदवार की पराजय क्यों हुई यह गहन मंथन का विषय है। पार्टी चुनाव परिणाम का विश्लेषण करेगी और उसके अनुसार आने वाले दिनों में कार्य करेगी।

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि 31 नंबर रंगिया विधानसभा क्षेत्र तथा 32 नंबर कमलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को काफी बढ़त मिली है। मंगलदै-उदालगुड़ी सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिलीप सैकिया भारी मतों के अंतर से चुनाव जीते हैं। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष ने पत्रकारों के अन्य कई सवालों के भी सीधे-सीधे उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर